करनाल पुलिस ने कथित नेता को किया गिरफ्तार, हरियाणा सरकार लिखी कार भी जब्त, ठगी का आरोप
करनाल पुलिस ने कुरुक्षेत्र से कुलदीप नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हरियाणा सरकार लिखी कार बरामद की.

Published : February 22, 2026 at 10:50 AM IST
करनाल: हरियाणा की करनाल पुलिस ने कुरुक्षेत्र से कुलदीप नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. जिसके पास से एक गाड़ी भी बरामद की गई है. कार के ऊपर हरियाणा सरकार लिखा हुआ है. बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था. जिसे पकड़ने पुलिस पहुंची तो उसने दीवार कूद कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया.
आरोपी पर ठगी का आरोप: शिकायतकर्ता राजेश कुमार ने बताया कि कुलदीप नाम का आरोपी, उनकी पत्नी और एक अन्य महिला मिलकर लोगों को ठगने का काम करते हैं. आरोपी ने राजेश कुमार के साथ भी जमीन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी की है. राजेश को जमीन के नकली कागज दिखाकर 42 लाख ठग लिए गए. जिसकी शिकायत राजेश ने पुलिस को दी. इसी शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की.
करनाल के शख्स ने दर्ज करवाई शिकायत: शिकायतकर्ता ने बताया कि ये गाड़ी उनसे धोखाधड़ी में कुलदीप ने ले रखी है. जिससे वो गलत काम करता है. लोगों के साथ ठगी करता है और जब वो अपनी गाड़ी मांगने उनके घर पर आया. तब परिवार वालों ने उन्हें झूठे आरोपों में फंसाने की धमकी दी. करनाल पुलिस ने कार वाले व्यक्ति और उसके दोनों साथियों को पकड़ लिया गया है.
आरोपी ने कार पर लिखवाया 'हरियाणा सरकार': आरोपी कुलदीप की पत्नी का कहना है कि कर्मसिंह उनके पति का दोस्त था. उसके पास पैसे की कमी थी. तब मेरे पति (कुलदीप) ने पैसे भरकर उसे गाड़ी दिलाई थी और गाड़ी की किश्त वो खुद दे रहे हैं. उनके पास एफिडेविट भी है, जब उनसे पूछा गया कि गाड़ी पर हरियाणा सरकार लिखा है, तो उन्होंने बताया कि उनके पति नेता थे. इसलिए लिखवाया गया है.
तीनों आरोपी गिरफ्तार: पुलिस अधिकारी गौरव का कहना है कि "कुलदीप करनाल में एक केस में आरोपी है. जिसको पकड़ने को लेकर कई बार रेड की गई, लेकिन वो पकड़ में नहीं आ रहा था. आज उसे पकड़ लिया है. उसके पास से गाड़ी भी रिकवर कर ली गई है. फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है."

