ETV Bharat / state

करनाल के कुचपुरा हत्याकांड में आरोपी को गंजा कर सड़कों पर घुमाया गया, बोला- गुस्से में हुई गलती

हरियाणा के करनाल के कुचपुरा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए हत्या के आरोपी को गंजा कर सड़कों पर घुमाया है.

Karnal Kuchpura murder case police shaved accused head and paraded him around
करनाल के कुचपुरा हत्याकांड में आरोपी को गंजा कर सड़कों पर घुमाया गया (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : July 8, 2026 at 9:25 PM IST

|

Updated : July 8, 2026 at 9:33 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

करनाल : हरियाणा के करनाल के निसिंग थाना क्षेत्र के गांव कुचपुरा में पारिवारिक विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि एक युवक की जान चली गई. अब इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसका जुलूस निकालते हुए उसे गंजा कराया. इस दौरान आरोपी ने कैमरों के सामने अपना अपराध स्वीकार करते हुए कहा कि उससे बहुत बड़ी गलती हुई है और कोई भी व्यक्ति गुस्से में ऐसा कदम ना उठाए.

कैमरे पर कबूल किया जुर्म, जताया पछतावा: गिरफ्तार आरोपी ने मीडिया के सामने कहा कि उसने अपने बड़े भाई के साले जसविंद्र पर चाकू से हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई. आरोपी का कहना था कि जसविंद्र और उसके साथ आए लोगों ने पहले उसके माता-पिता पर हमला किया था. उन्हें घायल होता देखकर वह अपना आपा खो बैठा और गुस्से में वार कर बैठा. अब उसे अपने किए पर गहरा पछतावा है.

करनाल के कुचपुरा हत्याकांड में आरोपी को गंजा कर सड़कों पर घुमाया गया (ETV Bharat)

फोन कॉल के बाद आमने-सामने आए दोनों पक्ष : पूरी वारदात 5 जुलाई की रात की है. जांच के अनुसार रायसन निवासी मंजू की शादी गांव कुचपुरा के मनीष के साथ हुई थी. काफी समय से दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था. घटना वाली रात मंजू ने अपने भाइयों को फोन कर ससुराल में मारपीट की सूचना दी. इसके बाद जसविंद्र अपने भाइयों के साथ कुचपुरा पहुंचा, जहां गांव के अड्डे पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई और चाकू से किए गए हमले में जसविंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो भाई किसी तरह जान बचाकर वहां से निकल गए.

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव : घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. 6 जुलाई को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Karnal Kuchpura murder case police shaved accused head and paraded him around
गंजा कर सड़कों पर घुमाया गया (ETV Bharat)

गिरफ्तारियां जारी, पुलिस की कार्रवाई तेज : मामले में पुलिस ने पहले आरोपी सागर और उसके पिता ऋषिपाल को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया. रिमांड पूरा होने के बाद दोनों को दोबारा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

जांच अधिकारी ने क्या बताया : जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था. घटना वाली रात इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और चाकूबाजी में जसविंद्र की मौत हो गई. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और जो भी आरोपी सामने आएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App

ये भी पढ़ें : जीजा-साला मर्डर केस: पंचकूला पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, रंजिश का निकला मामला

ये भी पढ़ें : लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो इनामी बदमाश एनकाउंटर में ढेर, हांसी के जिम संचालक कपिल हत्याकांड में थे वांछित

ये भी पढ़ें : किलर कौन? युवक की हत्या के बाद हत्यारोपी का भी मर्डर, मिस्ट्री में उलझी पुलिस

Last Updated : July 8, 2026 at 9:33 PM IST