करनाल में कर्मबीर बौद्ध ने बीजेपी पर दोहरी राजनीति का लगाया आरोप, बोले 'बाहर से विकास की बातें, अंदरखाने समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने का काम'
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर करनाल में कांग्रेस से राज्य सभा सांसद कर्मबीर बौद्ध ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला.

Published : April 14, 2026 at 1:33 PM IST
करनाल: बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर करनाल में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद कर्मबीर बौद्ध ने शिरकत की. उन्होंने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और इसके बाद मीडिया से बातचीत में भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला.

'संविधान पर मंडरा रहा खतरा': कर्मबीर बौद्ध ने साफ शब्दों में कहा कि "देश का संविधान आज खतरे में है. धर्म और जाति के नाम पर संविधान की मूल भावना को कमजोर किया जा रहा है." उन्होंने कहा कि "जो अधिकार जनता को मिले हैं, उन्हें धीरे-धीरे खत्म करने की कोशिश हो रही है." उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी नेता बाबा साहेब को सिर्फ प्रतीकात्मक सम्मान देते हैं, लेकिन उनके विचारों को अपनाने से बचते हैं."
'कहते कुछ हैं, करते कुछ और': बीजेपी पर दोहरी नीति का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि "वह खुद सरकार का हिस्सा रह चुके हैं और सच्चाई को करीब से देख चुके हैं." उन्होंने कहा कि "बाहर से विकास की बातें की जाती हैं, लेकिन अंदरखाने समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने का काम चलता है." उन्होंने तीखे अंदाज में कहा कि “हाथी के दांत खाने के और, दिखाने के और होते हैं”

राज्यसभा चुनाव में धनबल का आरोप: राज्यसभा चुनाव को लेकर कर्मबीर बौद्ध ने गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि "चुनाव के दौरान धनबल का खुलकर इस्तेमाल हुआ, विधायकों को खरीदने और डराने-धमकाने की कोशिशें की गईं. इसके बावजूद उन्होंने दावा किया कि जनता और ईमानदार समर्थन के दम पर वह चुनाव जीतकर राज्यसभा पहुंचे." उन्होंने भरोसा दिलाया कि "वह जाति-धर्म से ऊपर उठकर सभी के लिए काम करेंगे."
क्रॉस वोटिंग पर उठाए बड़े सवाल: क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर उन्होंने सीधे सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि "बीजेपी के पास 48 विधायक होने के बावजूद केवल 39 वोट मिले, ऐसे में बाकी वोट कहां गए, इस पर कोई चर्चा क्यों नहीं हुई."उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें 28 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी को 16 वोट प्राप्त हुए."
पार्टी अनुशासन पर सख्त रुख: कर्मबीर बौद्ध ने बताया कि "जिन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की, उनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं और अनुशासनात्मक कमेटी अपनी रिपोर्ट हाईकमान को सौंप चुकी है. जल्द ही सख्त कार्रवाई होने के संकेत भी उन्होंने दिए.
बाबा साहेब के विचार ही असली मार्ग: अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि "बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का जीवन और उनका संविधान आज भी देश को दिशा दिखा रहा है." उन्होंने कहा कि "समता, समानता, करुणा और भाईचारे पर आधारित यह संविधान हर वर्ग के लिए न्याय सुनिश्चित करता है, और यही विचार आगे बढ़ाने की जरूरत है."

