करनाल में मंदिर में एंट्री को लेकर विवाद, घर में घुसकर भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, CCTV में कैद वारदात
करनाल में 6-8 लोगों ने भाजपा नेता के घर में घुसकर हमला कर दिया. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Published : February 20, 2026 at 9:12 PM IST
करनालः हरियाणा के करनाल में जुंडला गेट स्थित मंदिर में प्रवेश को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसा में बदल गया. घटना में भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेता सुखदेव को निशाना बनाया गया, जिसका CCTV फुटेज भी सामने आया है. सुखदेव को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
विवाद की शुरुआत कैसे हुई : मंदिर परिसर में माता मंदिर की सीढ़ियों का निर्माण कार्य चल रहा था. इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा, जिसे काम पूरा होने तक इंतजार करने को कहा गया. कुछ देर बाद युवक अपनी मां के साथ लौटा और इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई.
बहस से हिंसा तक का सफर : कहासुनी के बाद युवक और उसकी मां वहां से चले गए, लेकिन थोड़ी देर बाद युवक कई साथियों के साथ वापस लौटा और मौके पर मौजूद नेता पर हमला कर दिया.
CCTV में कैद हमला : सामने आए फुटेज में हमलावर लाठी-डंडों और गंडासी से वार करते नजर आ रहे हैं. हमले में नेता के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए नागरिक अस्पताल करनाल में भर्ती कराया गया.
पुलिस जांच तेज : घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई. CCTV फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की जा रही है, अब जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी.

