ETV Bharat / state

दुष्यंत चौटाला का भाजपा–कांग्रेस पर तीखा हमला, लगाया मिलीभगत का आरोप, बोले-"प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल, युवाओं का भविष्य खतरे में"

दुष्यंत चौटाला ने भाजपा-कांग्रेस पर मिलीभगत का आरोप लगाया. साथ ही प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए.

Dushyant Chautala JJP meeting
दुष्यंत चौटाला का भाजपा–कांग्रेस पर तीखा हमला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : December 19, 2025 at 5:22 PM IST

|

Updated : December 19, 2025 at 5:44 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

कुरुक्षेत्र/करनाल: प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री व जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के वरिष्ठ नेता दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश की राजनीति, कानून व्यवस्था और युवाओं के रोजगार को लेकर भाजपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. दरअसल, शुक्रवार को दुष्यंत चौटाला करनाल और कुरुक्षेत्र के दौरे पर थे. उन्होंने कुरुक्षेत्र के शाहाबाद और करनाल में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर संगठन को मजबूत करने को लेकर मंथन किया.

भाजपा–कांग्रेस की मिलीभगत का आरोप: इस दौरान दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस अंदरखाने एक-दूसरे को फायदा पहुंचा रही है. उन्होंने कहा कि, "कांग्रेस द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव वास्तव में सरकार गिराने के लिए नहीं था, बल्कि भाजपा को एक साल का “फ्री पास” देने की रणनीति थी. इसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपना राजनीतिक लाभ जरूर साधेंगे."

अविश्वास प्रस्ताव पर बड़ा सवाल: दुष्यंत चौटाला ने कहा कि, "विधानसभा सत्र के दौरान न तो कानून व्यवस्था पर गंभीर चर्चा हुई. न ही 100 करोड़ से ज्यादा के कथित घोटालों पर और न ही एचपीएससी जैसी संस्थाओं की बदहाल स्थिति पर सवाल उठाए गए." उन्होंने इसे कांग्रेस और भाजपा के “हाथ और दस्ताने” वाला खेल बताया.

कुरुक्षेत्र पहुंचे दुष्यंत चौटाला (ETV Bharat)

प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल: पूर्व उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, "हरियाणा में आज कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है. अपराधी बेखौफ हैं. आए दिन आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. यह घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह विफल रही है."

युवाओं के रोजगार पर चिंता: दुष्यंत चौटाला ने कहा कि, "मौजूदा प्रदेश सरकार युवाओं के हित में नहीं है, क्योंकि रोजगार के अवसर लगातार समाप्त हो रहे हैं. हालात ऐसे बन गए हैं कि युवाओं को मजबूरी में ‘डोंकी रूट’ के जरिए विदेश जाना बेहतर विकल्प लगने लगा है. हरियाणा में रोजगार की भारी कमी के कारण युवा बाहर जाने को मजबूर हो रहे हैं."

जेजेपी संगठन विस्तार का ऐलान: करनाल में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि, "पार्टी स्थापना दिवस रैली की सफलता के बाद जेजेपी ने संगठन विस्तार की रफ्तार तेज कर दी है. आने वाला नया साल पार्टी के लिए जनसंपर्क और संगठन विस्तार का साल होगा.साल 2026 की शुरुआत तक जेजेपी संगठन का नवनिर्माण पूरा कर लेगी. इसके बाद प्रदेशभर में नए साथियों को पार्टी से जोड़ा जाएगा.जिला स्तरीय बैठकों की श्रृंखला शुरू हो चुकी है और अगले महीने तक संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा."

करनाल पहुंचे दुष्यंत चौटाला (ETV Bharat)

पंचकूला–अंबाला–यमुनानगर दौरा: उन्होंने बताया कि, "जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा के साथ पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर का दौरा किया गया. इस दौरान जुलाना रैली को सफल बनाने वाले कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया गया और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति साझा की गई.संगठन नवनिर्माण के बाद पार्टी ‘हर घर तक जेजेपी का झंडा’ अभियान चलाएगी.इस अभियान के जरिए पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा."

मनरेगा को लेकर केंद्र सरकार पर हमला: मनरेगा को लेकर दुष्यंत चौटाला ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, " उसका स्वरूप पूरी तरह बदल दिया गया है. पहले केंद्र का योगदान 75 प्रतिशत था, जिसे घटाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है. सरकार भले ही 25 दिन रोजगार बढ़ाने की बात करे, लेकिन हकीकत में 25 प्रतिशत कम लोगों को रोजगार मिलेगा."

वोट चोरी पर कांग्रेस को घेरा: दिल्ली में वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस की रैली पर कटाक्ष करते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि, "वोट चोरी करना कांग्रेस ने ही इस देश में सिखाया है. हरियाणा के राजनीतिक इतिहास में वोट चोरी की सबसे बड़ी मास्टरमाइंड कांग्रेस रही है."

जिला गठन और क्षेत्रीय मांगें: हांसी को नया जिला बनाए जाने को दुष्यंत चौटाला ने सकारात्मक कदम बताया. साथ ही कहा कि, "प्रदेश में तीन और नए जिलों की मांग है. करनाल के असंध क्षेत्र को जिला बनाया जाए, जो कि वर्तमान जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर है."

भू-माफिया और सरकार पर आरोप: भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि, "प्रदेश में बड़े अवैध निर्माणों पर कार्रवाई नहीं होती, जबकि छोटे निर्माणों पर तुरंत बुलडोजर चलाया जाता है. यह सरकार और भू-माफिया की मिलीभगत की ओर इशारा करता है." बता दें कि दुष्यंत चौटाला के दौरे से जेजेपी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला.

ये भी पढ़ें:सदन में भड़की गीता भुक्कल, बोली- 'मैं रिस्पॉन्सिबल विधायक, मंत्री माफी मांगें', झज्जर छात्रावास के मुद्दे पर हुई कहासुनी

Last Updated : December 19, 2025 at 5:44 PM IST