करनाल बीरू वाल्मीकि हत्याकांड: मुंबई एयरपोर्ट से आरोपी योगेश कपूर गिरफ्तार, पुलिस ने मांगी 7 दिन की रिमांड
करनाल बीरू वाल्मीकि हत्याकांड के आरोपी योगेश कपूर को हरियाणा पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है.

Published : August 15, 2026 at 4:49 PM IST
करनाल: हरियाणा के करनाल के चर्चित बीरू वाल्मीकि हत्याकांड और नीलोखेड़ी गोलीकांड मामले में करनाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मामले के मुख्य संदिध आरोपी योगेश कपूर (निवासी नीलोखेड़ी) को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को मुंबई से करनाल लाकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसके बाद उसे अदालत में पेश कर पुलिस ने 7 दिनों की रिमांड की मांग की है.
दुबई से डिपोर्ट हुआ आरोपी, सोशल मीडिया पर एनकाउंटर का जताया डरः नीलोखेड़ी में हुए पुराने गोलीकांड के बाद से योगेश कपूर फरार चल रहा था और दुबई भाग गया था. पुलिस ने उसके खिलाफ 'लुक आउट सर्कुलर' जारी किया हुआ था. दुबई का वीजा समाप्त होने के बाद जब वह भारत लौट रहा था, तो मुंबई एयरपोर्ट पर ही आव्रजन अधिकारियों और पुलिस ने उसे कस्टडी में ले लिया. भारत पहुंचते ही आरोपी योगेश कपूर के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें दावा किया गया कि वह भारत आकर सरेंडर कर रहा है और करनाल पुलिस उसे लेने आ रही है. पोस्ट में आरोपी ने सरकार से अपील करते हुए अपने फर्जी एनकाउंटर का अंदेशा जताया और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की. हालांकि, इस पोस्ट की सत्यता की पुलिस जांच कर रही है.
बीरू हत्याकांड से इंकारः करनाल पहुंचने पर आरोपी योगेश कपूर ने मीडिया के सामने बीरू वाल्मीकि हत्याकांड में अपनी किसी भी संलिप्तता से साफ इंकार किया. उसने दावा किया वीरू हत्याकांड में कोई हाथ नहीं है. योगेश ने कहा कि "बीरू की हत्या में उसका कोई हाथ नहीं है. यह हत्या काला माजरा के शूटर ने करवाई थी और उसी ने शूटरों को हथियार मुहैया कराए थे." सोशल मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट्स पर उसने कहा कि उसका फोन हैक कर किसी अन्य व्यक्ति ने ये पोस्ट डाले थे. हालांकि, उसने यह स्वीकार किया कि दो साल पहले नीलोखेड़ी में हुए गोलीकांड में वह शामिल था.
पुलिस रिमांड में खुलेंगे कई राज: बीरू वाल्मीकि हत्याकांड के बाद हुए एनकाउंटर का मामला पूरे प्रदेश में लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. करनाल पुलिस का मानना है कि योगेश कपूर से पूछताछ के बाद नीलोखेड़ी गोलीकांड और बीरू हत्याकांड के आपसी तारों और मुख्य साजिशकर्ताओं का पर्दाफाश हो सकेगा. पुलिस जांच अधिकारी रोहित कुमार ने बताया कि "रिमांड मिलने के बाद आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी."
दो शूटरों की पुलिस मुठभेड़ के बाद मौतः बीरू वाल्मीकि हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई के दौरान हर्ष और बीरबल नाम के आरोपियों के साथ मुठभेड़ हुई थी. मुठभेड़ में घायल होने के बाद इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई. अब योगेश कपूर की गिरफ्तारी से इस पूरे मामले की जांच में एक और महत्वपूर्ण कड़ी पुलिस के हाथ लगी है.
CIA-1 की पूछताछ में सामने आएंगे कई राजः CIA-1 के जांच अधिकारी रोहित कुमार ने बताया कि "नीलोखेड़ी पोल्ट्री फार्म गोलीकांड में फायरिंग करने के बाद योगेश कपूर फरार हो गया था. पुलिस ने उसे मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर करनाल लाया गया है. बीरू वाल्मीकि हत्याकांड में भी योगेश आरोपी है और इस मामले में उसकी गिरफ्तारी की जाएगी. फिलहाल उसका मेडिकल कराया गया है और उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि दोनों मामलों से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों के संबंध में गहन पूछताछ की जा सके."

