ETV Bharat / state

महिला का मर्डर करने के बाद नशा मुक्ति केंद्र में छिपे आरोपी, पुलिस ने ऐसे दबोचा

आरोपियों ने पंजाब के कपूरथला में गोली मारकर महिला की हत्या की थी. हत्या के बाद से दोनों फरार थे.

KAPURTHALA WOMAN MURDER ACCUSED HIDING IN DEADDICTION CENTRE UNA
महिला का मर्डर करने के बाद नशा मुक्ति केंद्र में छिपे आरोप (FILE@ETVBHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : January 8, 2026 at 7:45 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

ऊना: हत्या करने के बाद कानून की गिरफ्त से बचने के लिए आरोपी ऐसा रास्ता चुनेंगे, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. दरअसल, पंजाब में मर्डर को अंजाम देने के बाद दो आरोपी पुलिस से बचने के लिए हिमाचल प्रदेश के एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती हो गए. उन्हें लगा कि इलाज की आड़ में वे जांच एजेंसियों की नजरों से दूर रहेंगे, लेकिन पंजाब और हिमाचल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने उनकी यह चाल नाकाम कर दी.

हत्या के बाद हिमाचल में ली शरण

पुलिस के मुताबिक पंजाब के कपूरथला में दर्ज एक मर्डर केस की जांच के दौरान पुलिस को इनपुट मिला था कि आरोपी हिमाचल प्रदेश के एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती हैं. इसके बाद जिला ऊना के थाना हरोली की पुलिस टीम ने पंजाब पुलिस के साथ मिलकर लालूवाल स्थित नशा मुक्ति केंद्र में छापेमारी की. रेड के दौरान नशा मुक्ति केंद्र में मौजूद लोगों से पूछताछ की गई. इस दौरान हत्या के मामले से जुड़े दो व्यक्तियों को संदिग्ध पाया गया. इनकी पहचान बलविंद्रजीत सिंह उर्फ तोता निवासी कपूर, जिला जालंधर और सुरिंद्र कुमार निवासी गढ़शंकर, जिला होशियारपुर के रूप में हुई.

पुलिस से बचने की थी कोशिश

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी हत्या की घटना के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए जानबूझकर नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती हुए थे, ताकि खुद को इलाज के नाम पर छिपा सकें और शक से बाहर रह सकें. मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार भाटिया ने बताया कि दोनों संदिग्धों को आगे की पूछताछ के लिए पंजाब पुलिस अपने साथ ले गई है. पूछताछ के दौरान हत्या से जुड़े अन्य लिंक, नेटवर्क और साजिश के पहलुओं की जांच की जा रही है.

महिला को मारी थी गोली

यह मामला 2 जनवरी 2026 का है, जब कपूरथला के सीनपुरा मोहल्ले में दो बाइक सवार युवकों ने एक महिला के घर में घुसकर फायरिंग की. गोली लगने से 40 वर्षीय हेमप्रीत कौर उर्फ हेमा की मौत हो गई थी. महिला उस समय घर में अकेली थी, जबकि उसका पति और बेटा कनाडा में रहते हैं.

ये भी पढ़ें: नए साल की शुरुआत में ही चिट्टा तस्करी का बड़ा खुलासा, पुलिस ने पकड़ी 100 ग्राम से ज्यादा हेरोइन, 5 तस्कर गिरफ्तार