ETV Bharat / state

UP TET Exam 2026; आधार कार्ड में नाम बदलना पड़ा भारी, परीक्षा छूटी, केस भी दर्ज

बीमा पॉलिसी की मेच्योरिटी राशि हासिल करने के लिए बदलवाया था आधार कार्ड में नाम.

UP TET Exam 2026; आधार कार्ड में नाम बदलना पड़ा भारी
UP TET Exam 2026; आधार कार्ड में नाम बदलना पड़ा भारी. (Photo Credit : ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : July 3, 2026 at 11:04 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कानपुर : बीमा पॉलिसी की मेच्योरिटी राशि हासिल करने के लिए आधार कार्ड में नाम बदलवाना एक TET अभ्यर्थी के लिए मुसीबत बन गया. यूपी टीईटी परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी का जब शैक्षणिक दस्तावेजों और आधार कार्ड में नाम अलग-अलग मिला तो बायोमीट्रिक मिलान न होने पर उसे पकड़ लिया गया. केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है.



औरैया जिले के सहावल थाना क्षेत्र के रुदहा गांव का निवासी हरीश चंद्र बुधवार को रावतपुर स्थित रामलला इंटर काॅलेज में पहली पाली में यूपी टीईटी परीक्षा देने पहुंचा था. परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान उसका बायोमीट्रिक मिलान कराया गया तो थंब इंप्रेशन मैच नहीं हुआ. टीम को संदेह होने पर इसकी जानकारी केंद्र अध्यक्ष और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को दी गई.



अधिकारियों ने जब अभ्यर्थी के दस्तावेजों की जांच की तो उसके प्रवेश पत्र और शैक्षणिक प्रमाण पत्रों में नाम हरीश चंद्र दर्ज था. इसके विपरीत उसके आधार कार्ड पर नाम नीलेश लिखा हुआ था. पहचान पत्र और शैक्षिक दस्तावेजों में यह अंतर मिलने पर पूछताछ की गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.

पूछताछ में अभ्यर्थी ने बताया कि उसके सभी प्रमाण पत्रों में उसका नाम हरीश चंद्र ही है. बचपन में उसके परिजनों ने उसके घरेलू नाम नीलेश से एक बीमा पॉलिसी करा दी थी. पॉलिसी की अवधि पूरी होने पर जब वह पैसा निकालने गया तो एजेंट ने कहा कि आधार में हरीश चंद्र की जगह नीलेश नाम करवा लो. एजेंट ने भरोसा दिया था कि धनराशि मिलते ही वह दोबारा नाम सुधरवा ले. इसी झांसे में आकर उसने परीक्षा से ठीक पहले आधार में नाम बदलवा लिया था.

इस मामले में रामलला इंटर काॅलेज के केंद्र व्यवस्थापक अनुज कुमार ने रावतपुर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है. डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आब्दी ने बताया कि अभ्यर्थी के शैक्षणिक रिकॉर्ड और आधार कार्ड में दर्ज नाम अलग-अलग हैं. हालांकि, इसके पीछे परीक्षा में गड़बड़ी करने की कोई मंशा स्पष्ट नहीं होती है. हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर ली गई है.

यह भी पढ़ें : भाजपा के रोड शो में फंसे अभ्यर्थियों की छूटी TET परीक्षा, 17 केंद्रों पर 13,258 परीक्षार्थी हुए शामिल

यह भी पढ़ें : यूपी में TET की एग्जाम डेट को लेकर क्यों टेंशन में हैं 15 लाख अभ्यर्थी?, जानिए वजह