ETV Bharat / state

नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन का कहर: कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए कानपुर के एक ही परिवार के तीन लोग लापता

कानपुर के पीरोड निवासी परिवार के तीन सदस्य नेपाल और तिब्बत सीमा पर आए बाढ़ और भूस्खलन के बाद से लापता हैं.

Photo Credit: ETV Bharat
तिब्बत बॉर्डर क्रॉस करने के बाद बंद हुआ फोन: परिजनों ने अनहोनी की जताई आशंका. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 29, 2026 at 9:35 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

कानपुर: नेपाल और तिब्बत सीमा के पास आए विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के बीच कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए एक ही परिवार के तीन सदस्य 25 अगस्त की शाम से लापता हैं. नेपाल में प्राकृतिक आपदा की भयंकर स्थिति के बाद से परिवार से संपर्क पूरी तरह टूट चुका है, जिससे परिजनों में गहरी चिंता और डर का माहौल बना हुआ है. पीड़ित परिवार ने प्रधानमंत्री कार्यालय और आपदा प्रबंधन विभाग से मदद की गुहार लगाई है. कानपुर के पीरोड निवासी प्रवीन द्विवेदी ने बताया कि उनके अमेरिका में रहने वाले जीजा पंकज मिश्रा और बड़ी बहन रागनी मिश्रा अपनी देवरानी पूनम मिश्रा के साथ 18 अगस्त को नेपाल यात्रा पर निकले थे.

तिब्बत सीमा पार करने के बाद बंद हुआ फोन: वे 19 अगस्त को दिल्ली और 20 अगस्त को काठमांडू पहुंचे थे, जहां पशुपतिनाथ के दर्शन के बाद वे कैलाश मानसरोवर की 3 दिवसीय एवं 52 किलोमीटर लंबी पैदल यात्रा के लिए रवाना हुए थे. प्रवीन ने बताया कि 25 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे उनकी वीडियो कॉल के जरिए बात हुई थी, तब उन लोगों ने तिब्बत बॉर्डर क्रॉस करने की जानकारी दी थी. इसके बाद जब रात्रि में करीब 8 बजे कॉल किया गया तो फोन नहीं लगा. लगातार कई प्रयासों के बावजूद कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है.

परिजन सहमे, पीएमओ से लगाई मदद की गुहार: नेपाल में चल रही भयंकर बाढ़ और तबाही के कारण परिवार अनहोनी की आशंका से सहमा हुआ है. परिजनों ने लगातार प्रयासों के बाद भी परिवार से संपर्क न होता देख बीते 28 अगस्त को प्रधानमंत्री कार्यालय और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से संपर्क किया है. प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जैसे ही इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना या जानकारी प्राप्त होगी, परिवार को तुरंत सूचित किया जाएगा. फिलहाल, राहत एजेंसियों द्वारा सीमावर्ती इलाकों में खोजबीन और संपर्क स्थापित करने के प्रयास जारी हैं.

यह भी पढ़ें- नेपाल घूमने गए सिद्धार्थनगर के युवक की नदी में डूबने से मौत