कानपुर में बारिश: फीलखाना में दो मकान ढहने से फल विक्रेता की मौत, घाटमपुर में पशुबाड़े के मलबे में दबकर युवक की जान गई
बारिश के कारण फीलखाना में दो मकान ढह गए. इसमें फल विक्रेता की मौत हो गयी. घाटमपुर में छत गिरने से युवक की मौत हुई.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 29, 2026 at 10:01 PM IST
|Updated : August 29, 2026 at 10:33 PM IST
कानपुर: बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते फीलखाना थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया. क्षेत्र के दो कच्चे मकानों की छत और दीवार गिरने से मलबे में दबकर दो लोग गंभीर रूप से फंस गए. गनीमत यह रही कि स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस और एनडीआरएफ की टीम ने दोनों घायलों को 30 मिनट की मशक्कत के बाद बाहर निकाला.
इस दौरान फल विक्रेता की मौत हो गयी, जबकि घायल महिला का इलाज जारी है. अपर पुलिस उपायुक्त शिवा सिंह ने बताया कि फीलखाना थाना क्षेत्र में दो कच्चे मकान अगल-बगल बने हुए थे.
बिरहाना रोड पर जर्जर दीवार ढहने से हादसा: फीलखाना थाना क्षेत्र के बिरहाना रोड स्थित जौहरी फाटक के हाते में शनिवार देर शाम भारी बारिश के बीच एक जर्जर दीवार ढह जाने से हादसा हो गया. दीवार सीधे दो कच्चे मकानों पर गिरी, जिससे दोनों मकान मलबे में तब्दील हो गए और एक फल विक्रेता की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. सूचना मिलने पर फीलखाना पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया. अर्जुन ने बताया कि उसका 27 वर्षीय बड़ा भाई करन कश्यप उर्फ बल्लू फल का ठेला लगाता था.
घर में अकेले सो रहे युवक पर गिरा मलबा: रक्षाबंधन के चलते उसकी मां और बहन कानपुर देहात स्थित ननिहाल गए हुए थे, और घटना के समय वह खुद भी किसी काम से घर से बाहर था, जबकि करन घर के अंदर अकेला सो रहा था. शाम करीब 7 बजे तेज बारिश के दौरान हाते की पुरानी दीवार अचानक भरभराकर करन और उनके पड़ोसी कमल के कच्चे मकान पर आ गिरी, जिसकी चपेट में आने से करन और कमल की 60 वर्षीय पत्नी उषा मलबे में दब गए. रेस्क्यू टीम ने 30 मिनट की मशक्कत के बाद दोनों घायलों को मलबे से बाहर निकाला.

चिकित्सकों ने फल विक्रेता को घोषित किया मृत: रेस्क्यू के बाद दोनों को तुरंत उर्सला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने करन कश्यप को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल उषा को बेहतर इलाज के लिए हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया.
घाटमपुर में पशुबाड़े की छत गिरने से युवक की मौत: कानपुर के घाटमपुर थाना क्षेत्र के इटरा गांव के मजरा मोहनपुर में शुक्रवार देर रात भारी बारिश के बीच एक पशुबाड़े की छत और दीवार अचानक ढह जाने से मलबे में दबकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि करीब 10 बकरियां गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसे के वक्त युवक अपने घर के पास बने पशुबाड़े के अंदर सो रहा था, जिससे अचानक हुए इस हादसे की भनक किसी को तुरंत नहीं लग सकी. पशुबाड़े के मलबे में दबे मृतक की पहचान 25 वर्षीय अमित कुमार के रूप में हुई है, जो शुक्रवार रात वहीं सोया हुआ था. तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद बकरियों और अमित को बाहर निकाला.
SDM ने परिजनों को आर्थिक मदद का दिया आश्वासन: गंभीर रूप से घायल अमित को फौरन घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक अमित अविवाहित था और उसके पिता नानका प्रसाद का पहले ही निधन हो चुका था. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घाटमपुर थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं शनिवार सुबह उपजिलाधिकारी अविचल प्रताप सिंह ने परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव मदद और आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया.
यह भी पढ़ें- नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन का कहर: कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए कानपुर के एक ही परिवार के तीन लोग लापता

