दो ट्रैफिक सिपाहियों को कुचलकर भाग रहा था ट्रक चालक, कंटेनर से भिड़ा ट्रक, मौत
कानपुर में हादसा, एक ट्रैफिक सिपाही की मौत दूसरा घायल, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 6, 2026 at 10:57 AM IST
|Updated : July 6, 2026 at 11:54 AM IST
कानपुर: प्रदेश के कानपुर साउथ के बर्रा थाना क्षेत्र में एलिवेटेड रोड पर सोमवार तड़के करीब 4 बजे भयानक सड़क हादसा हो गया. ड्यूटी पर जा रहे 2 ट्रैफिक पुलिसकर्मी तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए. हादसे में सिपाही जितेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया.
वहां मौजूद लोगों ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान उसने नियंत्रण खो दिया और ट्रक आगे चल रहे एक कंटेनर से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया, बाद में केबिन काटकर उसका शव बाहर निकाला गया.
सूचना मिलने पर बर्रा पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची. मृत ट्रैफिक सिपाही और ट्रक चालक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि घायल सिपाही को कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) डॉ. विपिन टाडा और डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली.
हादसे के कारण एलिवेटेड रोड पर करीब 2 घंटे तक यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर ट्रैफिक को सामान्य कराया. बर्रा थाना अध्यक्ष रविंद्र श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि एलिवेटेड रोड पर जाम की सूचना मिलने के बाद नौबस्ता बाईपास पर तैनात ट्रैफिक सिपाही जितेंद्र और राकेश कुमार बाइक से मौके पर जा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी.
हादसे में आगरा निवासी और 2018 बैच के सिपाही जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बुलंदशहर निवासी सिपाही राकेश का अस्पताल में उपचार चल रहा है. ट्रक चालक की दुर्घटना में मौत हो गई है. उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- हरदोई में गंगा एक्सप्रेस-वे पर 20 फीट नीचे गिरी स्लीपर बस, 50 यात्री घायल, 12 की हालत गंभीर

