नवपदस्थ कलेक्टर का 'शहर भ्रमण', कांकेर में लोगों से जानी परेशानी, भालू की आमद और पेयजल संकट पर दिए सख्त निर्देश
कलेक्टर कुंदन कुमार ने शहर का जायजा लिया, गोविंदपुर स्थित ऑक्सीवन पहुंचे, पुराने बस स्टैंड की टपरी पर चाय पर की चर्चा

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 21, 2026 at 9:02 PM IST
कांकेर. नवपदस्थ कलेक्टर कुंदन कुमार ने शुक्रवार को कांकेर शहर का जायजा लिया. नागरिकों से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली. उन्होंने गोविंदपुर में भालुओं की बढ़ती आमद, बागोड़ एनीकट के इनटेक वेल प्लांट, माहुरबंद तालाब, नए-पुराने बस स्टैंड और डेली मार्केट का जायजा लिया. इस दौरान अव्यवस्थाओं और गंदगी को लेकर उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए.
सुबह ऑक्सीवन पहुंचे कलेक्टर
कलेक्टर सुबह करीब 7.30 बजे गोविंदपुर स्थित ऑक्सीवन पहुंचे. वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आसपास पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण भोजन की तलाश में भालू रिहायशी इलाकों तक पहुंच रहे हैं. इस पर कलेक्टर ने वन विभाग को चिन्हित क्षेत्रों में अलर्ट मैकेनिज्म विकसित करने और लोगों के लिए क्या करें-क्या न करें की एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए.
उन्होंने रेस्क्यू टीम, राजस्व और नगर पालिका के अधिकारियों के मोबाइल नंबर वाले फ्लैक्स-बैनर लगाने और संयुक्त टीम बनाकर लगातार निगरानी करने को कहा. कलेक्टर ने शीतलापारा निवासी राकेश साहू के घर जाकर भी मुलाकात की, जिनके घर में पिछले सप्ताह भालू घुस आया था.
माहुरबंद तालाब का होगा सौंदर्यीकरण
कलेक्टर ने अलबेलापारा वार्ड स्थित माहुरबंद तालाब का भी निरीक्षण किया. उन्होंने तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए ग्रास कारपेट, पेवर ब्लॉक और आकर्षक विद्युतीकरण कराने के निर्देश दिए. साथ ही तालाब में गंदे पानी की निकासी की अलग व्यवस्था करने को कहा. एसआरएलएम सेंटर के निरीक्षण के दौरान गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
पेयजल संकट दूर करने पर जोर
इसके बाद कलेक्टर बागोड़ एनीकट के पास स्थित इनटेक वेल प्लांट पहुंचे. निरीक्षण में सामने आया कि अपवाह क्षेत्र का स्तर ऊंचा होने के कारण महानदी का पानी दूसरी ओर बह रहा है और इनटेक वेल तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है. कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता को एनीकट की रिटेनिंग वॉल की तत्काल मरम्मत कराने और नदी के अपवाह क्षेत्र को गहरा कर पानी का बहाव इनटेक प्लांट की ओर डायवर्ट करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इस प्लांट से शहर के 4 हजार से अधिक परिवारों को पेयजल मिलता है, इसलिए मामले को प्राथमिकता से लिया जाए.
बस स्टैंड और डेली मार्केट की गंदगी पर नाराजगी
नए बस स्टैंड में साफ-सफाई की खराब व्यवस्था देखकर कलेक्टर ने नाराजगी जताई. उन्होंने दुकानों के आसपास डस्टबिन की संख्या बढ़ाने और आवारा मवेशियों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए. बस स्टैंड के पीछे सुलभ शौचालय के आसपास गंदगी और पानी की निकासी की समस्या को भी तत्काल दूर करने को कहा.
डेली मार्केट क्षेत्र में पसरी गंदगी को लेकर भी कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया और एक सप्ताह के भीतर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए. पुराने बस स्टैंड में दूध नदी के किनारे डंप किए गए कचरे को तत्काल हटाने तथा दुकानों के सामने डस्टबिन रखने को कहा.
बुजुर्ग से बातचीत
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बस स्टैंड पर बुजुर्ग बंशीराम से भी बातचीत की. उन्होंने बताया कि पांच संतान होने के बावजूद वह भीख मांगकर जीवन-यापन कर रहे हैं. कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समाज कल्याण विभाग को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश एसडीएम को दिए.
निरीक्षण के अंत में कलेक्टर ने पुराने बस स्टैंड की एक टपरी पर चाय पी और नागरिकों व मीडिया प्रतिनिधियों से शहर की समस्याओं एवं गतिविधियों पर अनौपचारिक चर्चा की. इस दौरान अपर कलेक्टर जितेंद्र कुर्रे, एसडीएम सरस्वती बंजारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे.

