ETV Bharat / state

बलरामपुर रामानुजगंज में झमाझम बारिश, कन्हर नदी उफान पर, प्रशासन अलर्ट

कन्हर नदी के आसपास के इलाकों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है. उज्जवल तिवारी की रिपोर्ट

Kanhar River water level
कन्हर नदी का जलस्तर बढ़ा (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : September 1, 2026 at 7:43 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बलरामपुर: दो दिनों से बलरामपुर रामानुजगंज जिले में लगातार बारिश हो रही है. बारिश की वजह से कन्हर नदी उफान पर है. ऐसे में प्रशासन की टीम कन्हर नदी के आसपास के इलाकों में लोगों को समझाइश दे रही है.

बलरामपुर रामानुजगंज में बारिश से जनजीवन प्रभावित

बलरामपुर रामानुजगंज जिले में रविवार से शुरू हुई झमाझम बारिश अब तक जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है. मूसलाधार बारिश से कन्हर नदी भी उफान पर है. कन्हर का जलस्तर काफी अधिक होने की वजह से एनीकट के उपर से पानी का बहाव काफी तेज हो चुका है.

एसडीएम आनंद नेताम, थाना प्रभारी जितेंद्र सोनी, तहसीलदार मनोज पैकरा, नगरपालिका सीएमओ सुधीर कुमार सहित प्रशासनिक टीम ने कन्हर नदी के किनारे आसपास के इलाकों में बाढ़ के हालात का जायजा लिया.

नदी नाले उफान पर

बलरामपुर जिले में प्रवाहित होने वाली कन्हर नदी, सेंदुर नदी, इरिया नदी, चनान नदी, गागर नदी, रिगड़ नदी, कुर्सा नदी सहित अन्य सभी छोटे बड़े नदी नाले उफान पर हैं. कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति है. ग्रामीण क्षेत्रों में बहने वाले बरसाती नाले भी उफान पर हैं, जिससे गांव में आवागमन भी प्रभावित हुआ है.

प्रशासन की टीम दे रही समझाइश

रामानुजगंज तहसीलदार मनोज पैकरा ने ईटीवी भारत से बात करते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार जारी बारिश के कारण कन्हर नदी का जल स्तर बढ़ गया है. इसके मद्देनजर कन्हर नदी के किनारे और आसपास के वार्डों में मुनादी कराई जा रही है और लोगों को समझाइश दी जा रही है कि अनावश्यक घरों से बाहर न निकलें. प्रशासन पुलिस और नगरपालिका की संयुक्त टीम के द्वारा वार्ड क्रमांक 01 और कन्हर नदी के किनारे स्थित वार्डों का जायजा लिया गया है. वार्ड में लोगों से बात की गई.

मुनादी के माध्यम से लोगों को किया जा रहा सतर्क

रामानुजगंज में कन्हर नदी के आसपास सटे हुए इलाकों और नदी किनारे के घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया है. पेट्रोलिंग भी की जा रही है. नगरपालिका के द्वारा नदी के आसपास रिंगरोड सहित अन्य वार्डों में मुनादी करा कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है.

तीन चरणों में गिरता है मलांजकुडुम जलप्रपात, बारिश में बढ़ जाती है खूबसूरती, बस्तर के प्रवेश द्वार कांकेर का पर्यटन स्थल

100% भरा माडमसिल्ली बांध, एक्टिव हुआ साइफन सिस्टम, ऑटोमेटिक खुल रहे गेट, आकर्षक नजारा