ETV Bharat / state

कांगड़ा वैली कार्निवल: 2500 महिलाओं ने एक साथ किया झमाकड़ा नृत्य, एंटी-चिट्टा का दिया सशक्त संदेश

कांगड़ा वैली कार्निवल में 2500 महिलाओं ने झमाकड़ा नृत्य के माध्यम से दिया एंटी-चिट्टा का संदेश

2500 महिलाओं ने एक साथ किया झमाकड़ा नृत्य
2500 महिलाओं ने एक साथ किया झमाकड़ा नृत्य (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : December 31, 2025 at 8:04 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

धर्मशाला: कांगड़ा वैली कार्निवल के दौरान आज नशे के खिलाफ जन-जागरूकता का एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला. यहां 2500 से अधिक महिलाओं ने कांगड़ा की पारंपरिक सांस्कृतिक पहचान झमाकड़ा नृत्य के माध्यम से एंटी-चिट्टा का सशक्त सामाजिक संदेश दिया. यह कार्यक्रम एक मेगा कम्युनिटी डांस के रूप में आयोजित किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने भाग लिया.

उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा, 'कांगड़ा कार्निवल को केवल मनोरंजन या सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे समाज सुधार और जन-जागरूकता का प्रभावी माध्यम बनाया गया है. नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है और इससे निपटने के लिए प्रशासन के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों, विशेषकर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है'.

कांगड़ा वैली कार्निवल (ETV Bharat)

डीसी ने बताया कि कार्निवल के दौरान पिछले छह दिनों में लगातार विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया. इनमें अलग-अलग श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गई तथा विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. इन सभी कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना और नशे के विरुद्ध जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाना रहा.

एंटी-चिट्टा का महिलाओं ने दिया सशक्त संदेश
एंटी-चिट्टा का महिलाओं ने दिया सशक्त संदेश (ETV Bharat)

उन्होंने कहा कि झमाकड़ा नृत्य कांगड़ा घाटी की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है और जब इसी परंपरा के माध्यम से सामाजिक संदेश दिया जाता है, तो उसका प्रभाव कहीं अधिक व्यापक और स्थायी होता है. इस मेगा कम्युनिटी डांस ने यह स्पष्ट कर दिया कि महिला शक्ति एकजुट होकर समाज को मजबूत संदेश देने में पूरी तरह सक्षम है. उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागी महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों तथा सहयोगी संस्थाओं को बधाई दी.

नये साल पर मैक्लोडगंज में उमड़ी पर्यटकों की भीड़

नये साल के जश्न के लिए मैक्लोडगंज में पर्यटकों की भीड़ जुट गई है. हालांकि, बुधवार को ठंड काफी रही, इसके बावजूद पर्यटक मौसम का आनंद लेते नजर आए. पर्यटकों का कहना था कि हर किसी को एक बार मैक्लोडगंज जरूर आना चाहिए, यहां आकर अलग ही अनुभूति होती है. पर्यटकों ने कहा कि नये साल पर यहां एंजॉय करने पहुंचे हैं. परिवार और दोस्तों के साथ नए साल का स्वागत भव्य रूप से करेंगे.

नये साल पर मैक्लोडगंज में उमड़ी पर्यटकों की भीड़
नये साल पर मैक्लोडगंज में उमड़ी पर्यटकों की भीड़ (ETV Bharat)

जम्मू से आए राघव शर्मा ने कहा, 'वह मैक्लोडगंज नए साल का जश्न मनाने आए हैं. यहां का मौसम बहुत अच्छा है, सभी को यही संदेश है कि आराम से नए साल के जश्न का आनंद उठाएं. बारिश हो जाए या बर्फबारी हो जाए तो सोने पे सुहागा हो जाएगा'.

नये साल पर मैक्लोडगंज में रौनक
नये साल पर मैक्लोडगंज में रौनक (ETV Bharat)

राजस्थान के उदयपुर से आए अरुण ने कहा, 'हिमाचल शानदार है, मैक्लोडगंज बहुत अच्छी जगह है. नया साल मनाने आए हैं. फुल एंजॉय करेंगे. मौसम साथ दे रहा है, ज्यादा सर्दी भी नहीं है'.

पंजाब के बटाला से आए श्याम ने कहा, 'मैक्लोडगंज में बढ़िया एंजॉय हो रहा है. यहां आकर बहुत खुशी मिली है. भीड़ काफी है, रात को मैक्लोडगंज में एंजॉय करेंगे'.

ये भी पढ़ें:

ये भी पढ़ें: नए साल के जश्न में जोश में न खो बैठें होश, ड्रोन से निगरानी कर रही कुल्लू पुलिस