नशा तस्कर की ₹95.67 लाख की संपत्ति फ्रीज, नशे के खिलाफ कांगड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
नशे के खिलाफ हिमाचल पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है. कांगड़़ा पुलिस ने 1.92 करोड़ से अधिक की कथित अवैध संपत्ति फ्रीज की है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 24, 2026 at 10:18 AM IST
|Updated : May 24, 2026 at 10:24 AM IST
धर्मशाला: नशा तस्करी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में पुलिस लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है. जिला कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्वाली उपमंडल के चलवाड़ा निवासी गौरव कुमार और उसके परिवार की करीब 95.67 लाख मूल्य की कथित अवैध संपत्ति को फ्रीज कर दिया है. यह कार्रवाई NDPS एक्ट के प्रावधानों के तहत की गई है.
नशे के खिलाफ कांगड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
कांगड़ा पुलिस के अनुसार, जिला कांगड़ा के ज्वाली तहसील चलवाड़ा निवासी गौरव कुमार को अक्टूबर 2025 में चरस तस्करी मामले में गिरफ्तार किया गया था. 3 अक्टूबर 2025 को जिला कांगड़ा की विशेष टीम ने आरोपियों के कब्जे से 1.006 किलोग्राम चरस बरामद की थी. इस संबंध में पुलिस थाना नगरोटा बगवां में अभियोग संख्या 151/25 दर्ज किया गया था.

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की वित्तीय गतिविधियों की गहनता से जांच पड़ताल की. जांच में गौरव कुमार, उसके पिता विजय कुमार और उसके जीजा धुन्धी के नाम पर ऐसी संपत्तियां सामने आईं, जिन्हें पुलिस ने कथित तौर पर नशा तस्करी से अर्जित माना है. इसके बाद थाना प्रभारी नगरोटा बगवां द्वारा 22 अप्रैल 2026 को संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी किए गए. इन आदेशों की पुष्टि 22 मई 2026 को सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली द्वारा कर दी गई.

फ्रीज की गई संपत्तियों में शामिल
- 2 आवासीय मकान
- 2 भूमि संपत्तियां
- 1 महिंद्रा वाहन
- 1 स्विफ्ट डिजायर कार
1.92 करोड़ से अधिक की कथित अवैध संपत्ति फ्रीज
पुलिस अधीक्षक कांगड़ा अशोक रतन ने बताया, "अब आरोपी सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना इन संपत्तियों को बेच या हस्तांतरित नहीं कर सकेंगे. इससे पहले बैजनाथ निवासी कथित नशा तस्कर सोनिया राणा की 96.77 लाख की संपत्ति भी फ्रीज की जा चुकी है. वर्तमान कार्रवाई के बाद अब तक जिले में कुल ₹1.92 करोड़ से अधिक की कथित अवैध संपत्ति फ्रीज की जा चुकी है."
पुलिस अधीक्षक कांगड़ा अशोक रतन ने कहा, नशा तस्करी में शामिल लोगों और उनकी अवैध कमाई के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा. साथ ही आम जनता से नशे के खिलाफ इस मुहिम में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना जल्द से जल्द पुलिस को देने की अपील की है.

ये भी पढ़ें: ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ अभियान से जुड़े 2.34 लाख लोग, नशे के खिलाफ सुखविंदर सरकार की मुहीम
ये भी पढ़ें: 4 किलो 40 ग्राम चरस के साथ चार आरोपी गिरफ्तार, नशे के खिलाफ कांगड़ा पुलिस का एक्शन

