हिमाचल में स्कूल में घुसकर मिड-डे मील वर्कर की दराटी से हत्या, बच्चों में मची चीख-पुकार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भेजा.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 12, 2026 at 4:23 PM IST
कांगड़ा: कांगड़ा जिले के देहरा से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां की ग्राम पंचायत चनौर स्थित गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल में एक युवक ने मिड डे मील बना रही महिला पर दराती से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी. यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है, जब स्कूल में बच्चे मौजूद थे. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है.
मृतका की पहचान सुलोचना देवी (58 वर्ष), पत्नी विशंभर दास, निवासी चनौर के रूप में हुई है. वह स्कूल में मिड डे मील वर्कर (कुक) के रूप में कार्यरत थीं. रोज की तरह वह बच्चों के लिए खाना बना रही थीं, तभी एक अज्ञात युवक स्कूल परिसर में घुस आया और उस पर दराती से ताबड़तोड़ वार किए.
बच्चों में मची चीख-पुकार
स्कूल की सेंटर हेड टीचर सरिता देवी ने बताया, "बच्चों की चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर जब वे बाहर आईं तो देखा कि एक युवक सुलोचना देवी पर हमला कर रहा था. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिक्षकों ने तुरंत बच्चों को कमरों में बंद कर दिया ताकि कोई और बड़ा हादसा न हो. इसके बाद अध्यापकों ने महिला को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावर उन पर भी झपट पड़ा. इसी बीच पास के सीनियर सेकेंडरी स्कूल चनौर के अध्यापक भी मौके पर पहुंचे और पत्थर मारकर आरोपी को भगाने की कोशिश की. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया."
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.
डीएसपी देहरा राजकुमार ने बताया, "पुलिस को महिला पर हमले की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची. आरोपी की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि सभी साक्ष्य एकत्र किए जा सकें. उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा."
स्कूल परिसर में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से अभिभावकों, ग्रामीणों और शिक्षकों में भारी रोष है. लोग स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: हिमाचल में सरकारी नौकरी को लेकर सस्पेंस खत्म, दिल्ली से लौटने के बाद CM सुक्खू ने कह दी बड़ी बात

