बहन की विदाई कर लौट रहे भाई की एक्सीडेंट में मौत, 6 महीने बाद होनी थी शादी, खुशियों के घर में पसरा मातम
रिश्तेदारों को छोड़कर जब भाई वापस घर लौट रहा था तो रास्ते में उसकी गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : June 30, 2026 at 3:12 PM IST
कांगड़ा: शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बहन की विदाई के बाद घर लौट रहे भाई की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. जिस परिवार में रविवार को बेटी की शादी की खुशियां थीं और सोमवार सुबह भावुक विदाई हुई, उसी घर में कुछ घंटे बाद बेटे की मौत की खबर पहुंच गई. जसवां-परागपुर क्षेत्र के गांव बढ़ाल में हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.
बहन को विदा कर लौट रहा था भाई
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बाड़ी के गांव बढ़ाल निवासी घनश्याम की बेटी की शादी रविवार रात को हुई थी. सोमवार सुबह शादी की रस्मों के बाद बेटी की विदाई की गई. विदाई के बाद परिवार का बेटा 30 वर्षीय दिनेश शर्मा अपनी बहन को उसके ससुराल छोड़ने गया था. बहन को ससुराल पहुंचाने के बाद दिनेश वापस अपने घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी जिंदगी का सफर खत्म हो गया.
सुबह 5 बजे हुआ दर्दनाक हादसा
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 5 बजे जब दिनेश शर्मा कार से वापस अपने घर आ रहा था तो बढ़ाल के जंगल के पास उसकी गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. सुबह वहां से गुजर रहे राहगीरों ने सड़क के बीचों बीच पलटी हुई कार देखी. हादसे के बाद दिनेश गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा हुआ था. स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए उसे बीबीएमबी अस्पताल तलबाड़ा पहुंचाया. अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने दिनेश शर्मा को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. जिस घर में कुछ घंटे पहले बेटी की विदाई को लेकर भावुक माहौल था, वहां बेटे की मौत से खुशियां मातम में बदल गईं. बताया जा रहा है कि दिनेश की खुद की शादी भी करीब छह महीने बाद होने वाली थी.
एसपी देहरा संदीप धवल ने बताया, "पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है. इसके लिए प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं. युवक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है."
पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल
परिवार ने बेटी की शादी की खुशियां अभी पूरी तरह मनाई भी नहीं थीं कि अचानक बेटे की मौत ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है. इस दर्दनाक घटना के बाद गांव बढ़ाल सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. स्थानीय लोग भी इस हादसे से बेहद दुखी हैं और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: UP से मनाली घूमने आई लड़की नाले में बही, 4 KM दूर ब्यास नदी से शव बरामद
ये भी पढ़ें: जिस भाई की कलाई पर सजाती रही राखी, उसी ने करवा डाला बहन का मर्डर, मनीषा हत्याकांड में पुलिस से खोले राज

