ETV Bharat / state

स्कूल संचालिका मनीषा मित्तल हत्याकांड पर क्या बोले CM सुक्खू?

दिल्ली दौरे से लौट सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि उन्होंने केंद्र सरकार के सामने हिमाचल के हक की बात रखी है.

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : June 17, 2026 at 6:02 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कांगड़ा: दिल्ली दौरे से लौट सीएम सुखविंदर सिंह कांगड़ा पहुंचे. जहां उन्होंने संजौली में हुए स्कूल संचालिका हत्याकांड पर मीडिया के सवालों का जवाब दिया. मनीषा मित्तल हत्याकांड पर मुख्यमंत्री ने कहा, 'पुलिस ने घटना के बाद तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. घटना के कारणों की जांच जारी है और फिलहाल इसे सार्वजनिक करना उचित नहीं होगा'.

वहीं, मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपने प्रस्तावित कांगड़ा दौरे को लेकर बताया कि वे जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे. 18 तारीख को प्रधानों और उपप्रधानों को शपथ दिलाई जाएगी, साथ ही कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया जाएगा. यह दौरा विकास के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण रहेगा.

मनीषा हत्याकांड पर क्या बोले CM सुक्खू? (ETV Bharat)

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अपने दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ हुई बैठक में किशाऊ बांध परियोजना को लेकर हिमाचल प्रदेश का पक्ष मजबूती से रखने का दावा किया. उन्होंने कहा कि बैठक में हरियाणा और दिल्ली को 90:10 के अनुपात में ग्रांट देने की बात सामने आई, जबकि हिमाचल और उत्तराखंड को इससे वंचित रखा जा रहा था.

सीएम सुखविंदर ने कहा कि इस परियोजना से सर्वाधिक प्रभाव उत्तराखंड और कुछ हद तक हिमाचल प्रदेश पर पड़ रहा है, जबकि लाभ अन्य राज्यों को मिलना प्रस्तावित था. ऐसे में प्रदेश सरकार ने इस प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस परियोजना की शुरुआत हिमाचल की भूमि से हो रही है, उसका लाभ दूसरे राज्यों को देना न्यायसंगत नहीं है.

उन्होंने बताया कि अंततः केंद्र सरकार ने हिमाचल के तर्कों को स्वीकार किया और यह निर्णय लिया गया कि प्रदेश को इस परियोजना में कोई निवेश नहीं करना होगा. मुख्यमंत्री के अनुसार, परियोजना शुरू होने के पांच वर्षों बाद हिमाचल प्रदेश को प्रतिवर्ष लगभग 600 करोड़ रुपये की आय प्राप्त होगी. उन्होंने इसे प्रदेश और जनता के हित में एक ऐतिहासिक फैसला बताया.

वहीं, मुख्यमंत्री ने भाजपा पर पंचायत चुनावों को लेकर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि प्रदेश में अधिकांश प्रधान, पंच और जिला परिषद सदस्य कांग्रेस से जुड़े हैं. वहीं, अधिकतर नगर परिषदों में भी कांग्रेस पार्षद विजयी हुए हैं. उन्होंने दावा किया कि धर्मशाला को छोड़कर कांगड़ा जिले में कांग्रेस का दबदबा रहा है और भाजपा केवल झूठ की राजनीति कर रही है.

महाराणा प्रताप जयंती कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने की शिरकत

दरअसल, आज मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कांगड़ा दौरे पर पहुंचे. सीएम ने नगरोटा विधानसभा के पठीयार में महाराणा प्रताप इंटर नेशनल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यतिथि के रूप में शिरकत की. इस मौके पर राजपूत महासभा ने मुख्यमंत्री को तलवार भेंट कर सम्मानित किया. इस मौके पर सीएम ने स्कूल में इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भी शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने बच्चों की मांग पर इंदौर स्टेडियम का आज शिलान्यास किया. वहीं, प्रदेश में हुए दोहरे गोलीकांड पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे से इस तरह के मामलों में नकेल कसी जाएगी.

ये भी पढ़ें: CM सुक्खू ने केंद्र से की हिमाचल की दमदार पैरवी, मुफ्त बिजली रॉयल्टी बढ़ाने, ₹7784 करोड़ का ऊर्जा बकाया की रखी मांगें