हिमाचल में महंगा हुआ सफर, फिर बढ़ा टोल, अब चुकाने होंगे इतने दाम
हिमाचल में फोरलेन पर सरफ अब और महंगा हो गया है. नए साल से पहले एनएचएआई ने एक बार फिर टोल शुल्क बढ़ा दिया है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 21, 2025 at 7:01 PM IST
कसौली: नए साल से पहले कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर सफर करने वालों को बड़ा झटका लगा है. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने शनिवार मध्यरात्रि से सनवारा टोल प्लाजा पर टोल शुल्क बढ़ा दिया है. इससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की जेब पर भी सीधा असर पड़ेगा. हैरानी की बात यह है कि एक ही साल में सनवारा टोल प्लाजा पर तीसरी बार टोल दरों में बदलाव किया गया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.
पर्यटन सीजन से पहले बढ़ा टोल, चिंता में कारोबारी
हिमाचल प्रदेश में नववर्ष के साथ पर्यटन सीजन की शुरुआत मानी जाती है. इस दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक कालका-शिमला हाईवे से होकर प्रदेश में प्रवेश करते हैं. ऐसे समय में टोल दरों में बढ़ोतरी से पर्यटन कारोबार पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले ही महंगाई से परेशान जनता के लिए यह फैसला मुश्किलें और बढ़ाएगा.
सनवारा टोल प्लाजा में शामिल किया गया नया क्षेत्र
एनएचएआई ने आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर परवाणू से सोलन और सोलन से कैथलीघाट तक के क्षेत्र को सनवारा टोल प्लाजा के दायरे में शामिल किया गया है. इसके तहत कुल 80.722 किलोमीटर लंबाई के लिए संशोधित टोल शुल्क तय किए गए हैं. नई दरें वाहन की श्रेणी और यात्रा के प्रकार के अनुसार लागू होंगी.
कार और हल्के वाहनों के लिए नई दरें
नई टोल दरों के अनुसार कार, जीप, वैन और हल्की मोटर गाड़ियों के लिए एक तरफा यात्रा का शुल्क 110 रुपये तय किया गया है. 24 घंटे के भीतर वापसी यात्रा के लिए 165 रुपये देने होंगे. वहीं, 50 यात्राओं के लिए मासिक पास 3,675 रुपये और जिले में पंजीकृत व्यावसायिक वाहनों के लिए 55 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है.

कमर्शियल वाहनों पर ज्यादा बोझ
हल्के कमर्शियल वाहन, हल्के मालवाहक वाहन और मिनी बस के लिए एकतरफा टोल 180 रुपये और वापसी यात्रा के लिए 265 रुपये देना होगा. इन वाहनों के लिए मासिक पास 5,935 रुपये और जिले में पंजीकृत वाहनों के लिए 90 रुपये शुल्क तय किया गया है. बस और दो एक्सल ट्रक के लिए एकतरफा 375 रुपये, वापसी 560 रुपये और मासिक पास 12,440 रुपये रखा गया है.
भारी वाहनों के लिए भी बढ़ी दरें
तीन एक्सल कमर्शियल वाहनों के लिए एकतरफा टोल 405 रुपये और वापसी 610 रुपये तय की गई है. चार से छह एक्सल वाले भारी वाहनों के लिए एकतरफा 585 रुपये और वापसी 880 रुपये चुकाने होंगे. वहीं, सात या उससे अधिक एक्सल वाले ओवरसाइज्ड वाहनों के लिए एक तरफा 710 रुपये और वापसी 1,070 रुपये टोल शुल्क निर्धारित किया गया है.
एनएचएआई शिमला के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आनंद कुमार ने बताया, "सनवारा टोल प्लाजा पर नई दरें शनिवार मध्यरात्रि से लागू कर दी गई हैं और इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है. टोल वसूली अधिसूचना के अनुसार ही की जाएगी."
बढ़ी दरों से जहां एनएचएआई को राजस्व बढ़ने की उम्मीद है, वहीं आम जनता और पर्यटन कारोबारियों की मुश्किलें भी बढ़ती नजर आ रही हैं.
ये भी पढ़ें: मनरेगा पर हिमाचल में होगा बड़ा आंदोलन, CM सुक्खू ने किया ऐलान

