ETV Bharat / state

कैथल में हेड कॉन्स्टेबल के फेसबुक पोस्ट से हड़कंप, लिखा- DSP ने नशे के केस में फंसाने की धमकी दी, SP ने बैठाई जांच

कैथल में हेड कांस्टेबल सुनील संधू ने डीएसपी ललित यादव पर नशा बेचने के केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है.

Kaithal DSP Lalit Yadav was accused of intimidation by Head Constable Sunil Sandhu SP Upasana Singh ordered an inquiry
कैथल में हेड कॉन्स्टेबल के फेसबुक पोस्ट से हड़कंप (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 24, 2026 at 4:06 PM IST

|

Updated : February 24, 2026 at 5:05 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

कैथल : हरियाणा के कैथल में हेड कॉन्स्टेबल सुनील संधू ने DSP पर गंभीर आरोप लगाए हैं. एंटी नारकोटिक्स सेल में तैनात सुनील संधू ने फेसबुक पर पोस्ट कर कहा कि प्रशासन के कहने पर ही उसने नशे के खिलाफ अभियान चलाया. अब कलायत DSP ललित यादव उसे नशा बेचने के केस में फंसाने की धमकी दे रहे हैं. उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है जबकि उसने जिंदगी में कभी रिश्वत तक नहीं ली.

कैथल एसपी ने दूसरे डीएसपी को जांच सौंपी : उधर, हेड कॉन्स्टेबल की इस पोस्ट के बाद कैथल SP उपासना सिंह ने मामले की जांच गुहला DSP कुलदीप बेनीवाल को सौंप दी है. इस पूरे विवाद पर बातचीत करने के लिए सुनील संधू के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाया.

"DSP ने नशे के केस में फंसाने की धमकी दी" (Etv Bharat)

सुनील संधू ने फेसबुक पोस्ट में क्या लिखा ? : हेड कॉन्स्टेबल सुनील संधू ने सोमवार रात 11 बजकर 13 मिनट पर फेसबुक पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि "मैंने प्रशासन के कहने पर नशे के खिलाफ अभियान चलाया था. अब मुझे बहुत परेशान किया जा रहा है, मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है. मैं सच का साथ दूं या झूठ का?. मुझे धमकियां मिल रही हैं। मेरा साथ कौन देगा?."

Kaithal DSP Lalit Yadav was accused of intimidation by Head Constable Sunil Sandhu SP Upasana Singh ordered an inquiry
सुनील संधू का फेसबुक पोस्ट (Etv Bharat)

DSP ललित यादव पर लगाए आरोप : हेड कॉन्स्टेबल सुनील संधू ने आगे लिखा कि " मेरा भी परिवार है. मेरे छोटे-छोटे बच्चे हैं. आज तो हद हो गई, कलायत DSP विकास ललित यादव ने मुझे झूठे केस में, स्मैक बेचने के केस में फंसाने की धमकी दी. एक उच्च अधिकारी के सामने, दोस्तों, क्या करूं? क्या ना करूं, समझ से परे है. परिवार इजाजत नहीं दे रहा अगर मैं झूठ बोलूं. मैं भगत सिंह का वंशज हूं, मेरा जमीर मर जाएगा. झूठ बोलूं तो मेरा नार्को टेस्ट करवा लो."

"कभी रिश्वत नहीं ली" : आगे उन्होंने लिखा कि " मैंने कभी जीवन में कोई रिश्वत नहीं ली, ना कभी किसी इंसान या मुलाजिम का बुरा चाहा. मेरे नौकरी के काल में या सार्वजनिक जीवन में कभी किसी से चाय तक पी हो तो सामने आओ, मुझे सजा दो. क्या करूं?, क्या ना करूं? समझ में नहीं आ रहा. काफी दिनों से चैन की नींद नहीं सो पाया. रात को चिट्टा बेचने वाले दिखते हैं, युवाओं की नसों में जहर घोलने वाले दिखते हैं. उनका नाश हो. अगर जीवन में कभी किसी का दिल दुखाया हो तो मुझे माफ करना."

Kaithal DSP Lalit Yadav was accused of intimidation by Head Constable Sunil Sandhu SP Upasana Singh ordered an inquiry
सुनील संधू (Etv Bharat)

DSP को जांच सौंपी गई : कैथल SP उपासना सिंह ने बताया कि "आज सुबह ही हमारे नॉलेज में सुनील संधू का मामला आया है. सुनील संधू ने सोशल मीडिया पोस्ट में कलायत DSP का नाम लिखा हुआ है. इसकी जांच कराई जा रही है. गुहला DSP कुलदीप बेनीवाल को जांच के आदेश दिए हैं."

कैथल में ही रहते हैं सुनील संधू : सुनील संधू अपने परिवार के साथ कैथल में ही रहते हैं. घर में उनकी पत्नी, दो बच्चे और मां हैं. उनके पिता का निधन हो चुका है. वे कॉन्स्टेबल के तौर पर हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे. इसके बाद वह हेड कॉन्स्टेबल के तौर पर प्रमोट हुए. वे मानवता विश्वास नाम के एक NGO से भी जुड़े हुए हैं जिसके तहत वे गरीब लड़कियों की शादी करवाते हैं. इसके अलावा, बीमार लोगों के इलाज का खर्च भी उठाते हैं.

पंजाब के वित्त मंत्री ने उठाया मामला : वहीं पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सुनील संधू का मामला उठाते हुए हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी पर निशाना साधा. उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि " हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी पंजाब के मामलों में दखल देने के लिए अपनी बेबाक बातों के लिए जाने जाते हैं. लेकिन उन्हें हरियाणा में अपनी ही BJP सरकार के बारे में ये साफ करना चाहिए कि उनके राज्य में ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई करने वाले ईमानदार पुलिस अधिकारियों पर दबाव क्यों डाला जा रहा है और ड्रग तस्करों को खुलेआम पैसा और सपोर्ट क्यों मिल रहा है?. सैनी साहब, याद रखें कि पंजाब में राजनीति करने के बजाय आपके लिए अपने राज्य के हालात पर जवाब देना ज्यादा जरूरी है. ड्रग तस्करों का सपोर्टर बनकर हरियाणा के लोगों को परेशान न करें."

अनुराग ढांडा ने निशाना साधा : वहीं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि "हरियाणा में नायब सिंह सैनी सरकार है या ड्रग्स तस्करों की सरकार है?. एक पुलिस कर्मी को नशा रोकने पर धमकियां मिल रही हैं. पुलिस के सीनियर अधिकारी उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे हैं. जब पुलिसकर्मी ही इतना मजबूर है कि सोशल मीडिया पर अपना दर्द बताना पड़ रहा है तो सोचिये ड्रग्स का कारोबार हरियाणा में बीजेपी सरकार की सरपरस्ती में कैसे खुलेआम चल रहा है."

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App

ये भी पढ़ें : IDFC FIRST बैंक में घोटाले को लेकर हरियाणा विधानसभा में जोरदार हंगामा, कांग्रेस विधायकों ने की नारेबाज़ी

ये भी पढ़ें : छत्रपति शिवाजी महाराज और रानी पद्मावती की फोटो वॉशरूम पर लगाने से बवाल, अब सामने आया सच!

ये भी पढ़ें : "सिक्स पैक" वाले ताऊ, चीते की फुर्ती से 25 किलोमीटर दौड़ते हैं, 800 सपाटे लगाते हैं, कभी नहीं गए अस्पताल

Last Updated : February 24, 2026 at 5:05 PM IST