कैमूर में डबल सड़क हादसा, ट्रेलर के केबिन में फंसकर ड्राइवर की मौत, 2 पुलिसकर्मी भी जख्मी
कैमूर में एक ही ट्रक का दो बार एक्सीडेंट हुआ. हादसे में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए जबकि डंपर के को-ड्राइवर की मौत हो गई-


Published : February 18, 2026 at 1:07 PM IST
कैमूर : बिहार के कैमूर में सड़क हादसा हो गया. मामला मोहनिया शहर के एनएच-19 स्थित एमपी कॉलेज गेट के सामने का है, जहां बुधवार की अहले सुबह करीब 4:00 बजे भीषण सड़क दुर्घटना हो गई. गिट्टी लदे ट्रेलर ने खड़े डंपर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए.
खड़े ट्रक में घुसा डंपर : पहले बालू लदा एक डंपर पीछे से अज्ञात ट्रक में टक्कर मारकर सड़क पर खड़ा हो गया, जिस के बाद डंपर चालक ने डायल-112 पर फोन कर घटना की सूचना दी और मौके से फरार हो गया. सूचना पर पहुंची 112 पुलिस टीम डंपर के पास जांच कर रही थी, तभी पीछे से गिट्टी लदा तेज रफ्तार ट्रेलर आकर खड़े डंपर में जोरदार टक्कर मार दिया. इस हादसे में मोहनिया थाना के दो पुलिसकर्मी घायल हो गए.

केबिन में फंसे सहचालक की मौत : वहीं 112 के चालक ने इसकी सूचना थाने को दी, जिसके बाद पहुंची दूसरी पुलिस टीम दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया ले गई, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर के केबिन में सहचालक फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका ड्राइवर घायल हो गया.
क्रेन से निकाला गया शव : सूचना पर पहुंची एनएचआई की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन मंगाकर शव को बाहर निकाला और अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. मृतक क्लीनर की पहचान बीकानेर राजस्थान निवासी अख्तर के रूप में हुई है. जबकि घायल चालक विक्रम सिंह 25 वर्ष पिता सांडवा सिंह, बीकानेर राजस्थान का निवासी है.
एक ही ट्रक की दो बार टक्कर : ड्राइवर ने बताया कि वह झारखंड से गिट्टी लेकर पंजाब के मंडी जा रहा था,आगे सड़क पर बालू लदा हुआ डंपर खड़ा था और बालू बिखरा हुआ था, जिसके कारण ब्रेक नहीं लग सका और ट्रेलर डंपर से टकरा गया. गाड़ी सहचालक ही चला रहा था. मोहनिया पुलिस ने शव को कब्जे में कर कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया.
"झारखंड से गिट्टी लेकर पंजाब जा रहे थे. सड़क पर बालू फैला हुआ था. लदे ट्रक का बालू की वजह से ब्रेक नहीं लग पाया और डंपर से टक्कर हो गई. हादसे में सहचालक की मौत हो गई. गाड़ी वही चला रहा था."- विक्रम सिंह, ट्रक ड्राइवर
ये भी पढ़ें-

