यूपी से चोरी हुई शराब बिहार में बरामद, 30 लाख की लीकर को छुपाने का तरीका जान रह जाएंगे दंग
कैमूर पुलिस ने यूपी से चोरी हुई 2990 लीटर अवैध शराब को बरामद किया है. एक आरोपी गिरफ्तार, जानें पूरा मामला.

Published : December 22, 2025 at 12:19 PM IST
कैमूर: बिहार के कैमूर जिले में पुलिस ने नये साल से पहले शराब तस्करों को बड़ा झटका दिया है. रामगढ़ थाना क्षेत्र के सराय गांव में छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है. यह शराब उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से चोरी कर बिहार लाई गई थी.
कहां से मिली शराब की खेप: पुलिस ने सराय गांव के बधार क्षेत्र में स्थित एक सरकारी ट्यूबवेल से लगभग 2990 लीटर अवैध शराब बरामद की है. इस शराब की अनुमानित कीमत 30 लाख रुपये बताई जा रही है. यह खेप छिपाकर रखी गई थी, जिसे विशेष टीम ने छापेमारी कर जब्त किया.
एक आरोपी गिरफ्तार: इस मामले में पुलिस ने मसाढ़ी गांव निवासी अविनाश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में आरोपी से महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है. पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी हुई है.
यूपी ठेके से हुई थी चोरी: जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के कंदवा थाना क्षेत्र के तलाशपुर में संचालित शराब ठेके से शनिवार आधी रात अज्ञात चोरों ने शराब की बड़ी खेप चुराई थी. ठेका मालिक की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
तकनीकी जांच से खुला राज: कंदवा पुलिस की तकनीकी जांच में पता चला कि चोरी की शराब बिहार के कैमूर जिले में लाई गई है. इस सूचना पर रामगढ़ थानाध्यक्ष ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई.

जांच जारी, आगे कार्रवाई तय: मोहनिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि शराब तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्करी के ऐसे मामले पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं.
“पुलिस ने नये साल से पहले बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 30 लाख रुपए मूल्य की 2990 लीटर अवैध शराब जब्त की है. यह शराब रामगढ़ थाना क्षेत्र के सराय गांव स्थित एक सरकारी ट्यूबवेल से बरामद की गई. शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.” - प्रदीप कुमार,डीएसपी मोहनिया
ये भी पढ़ें-
बिहार में 1.50 करोड़ की शराब जब्त, हरियाणा से बिहार होनी थी सप्लाई
बिहार में उत्पाद विभाग की टीम पर 5-6 राउंड फायरिंग, अवैध खनन और शराब माफिया ने किया हमला

