ETV Bharat / state

जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता आज लेंगे उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ, लोकभवन में है कार्यक्रम

हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जी नरेंद्र के रिटायरमेंट के बाद जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता उत्तराखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश बन रहे हैं

JUSTICE MANOJ KUMAR GUPTA OATH
जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता आज लेंगे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ (फोटो सोर्स- ETV Bharat/Uttarakhand High Court)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : January 10, 2026 at 9:49 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नैनीताल: उत्तराखंड हाईकोर्ट को आज नए चीफ जस्टिस मिल रहे हैं. न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता आज उत्तराखंड उच्च न्यायालय नैनीताल के मुख्य न्यायाधीश के पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण समारोह देहरादून लोकभवन में आयोजित होगा. हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस जी नरेंद्र शुक्रवार 9 जनवरी 2026 को अपने पद से रिटायर हो गए थे.

जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता लेंगे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ: न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता आज उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ लेंगे. गुरुवार 8 जनवरी 2026 को राष्ट्रपति ने उनको उत्तराखंड उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया था. न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता अभी तक उत्तर प्रदेश हाईकोर्ट प्रयागराज उच्च न्यायालय में पदारूढ़ थे.

JUSTICE MANOJ KUMAR GUPTA OATH
शपथ ग्रहण समारोह का लेटर (फोटो सोर्स- Uttarakhand High Court)

8 अक्टूबर 2026 तक रहेगा मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता का कार्यकाल: उच्चतम न्यायालय के कोलेजियम ने पिछले साल दिसंबर 2025 में न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता की उत्तराखंड हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस पद पर पदोन्नति की सिफारिश की थी. जस्टिस गुप्ता 12 अप्रैल, 2013 को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त हुए थे. उत्तराखंड हाईकोर्ट नैनीताल में उनका कार्यकाल अक्टूबर 2026 तक होगा. दरअसल वो आठ अक्टूबर, 2026 को रिटायर होने वाले हैं.

राज्यपाल दिलाएंगे पद और गोपनीयता की शपथ: जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता आज शनिवार 10 जनवरी 2026 को देहरादून लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह में शपथ लेंगे. उन्हें उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (रिटायर्ड) पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे.

हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस जी नरेंद्र हो चुके हैं रिटायर: गौरतलब है कि कल 9 जनवरी 2026 को जस्टिस गुहानाथ नरेंद्र जो जी नरेंद्र के नाम से लोकप्रिय हैं, उत्तराखंड हाईकोर्ट नैनीताल के मुख्य न्यायाधीश के पद से रिटायर हो चुके हैं. वो एक साल से थोड़ा ज्यादा समय तक हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रहे थे. उन्होंने 26 दिसंबर 2024 को उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाला था.

जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता के बारे में जानिए: न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता का जन्म 9 अक्टूबर 1964 को हुआ. उन्होंने 1987 में उत्तर प्रदेश के लखनऊ विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की. 6 दिसंबर 1987 को उन्होंने अधिवक्ता के रूप में अपना रजिस्ट्रेशन कराया. वकालत के दौरान उनकी मुख्य रूप से सिविल, संवैधानिक और किराया नियंत्रण से जुड़े जटिल कानूनी मामलों पर विशेषज्ञता रही.

जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता 12 अप्रैल 2013 को इलाहाबाद हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश बने. इसके बाद 10 अप्रैल 2015 को स्थायी न्यायाधीश नियुक्त हुए थे. 22 नवंबर 2023 से 4 फरवरी 2024 तक जस्टिस गुप्ता ने इलाहाबाद कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का पद संभाला था.
ये भी पढ़ें: