पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के ससुराल में लगी आग, 200 साल पुराना महल जलकर खाक!
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के ससुराल में बुधवार को आग लग गई. जिससे 200 साल पुराना महल जलकर राख हो गया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 7, 2026 at 3:42 PM IST
|Updated : January 7, 2026 at 7:44 PM IST
शिमला: राजधानी शिमला से सटे जुन्गा क्षेत्र में स्थित 200 साल पुराने ऐतिहासिक राजमहल में बुधवार दोपहर अचानक आग लग गई. आग लगने की इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार दोपहर करीब एक बजे की है.
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
दरअसल एक स्थानीय व्यक्ति ने जुन्गा स्थित पुराने राजमहल से धुआं उठता देखा और तुरंत पुलिस चौकी जुन्गा को सूचना दी. यह इलाका पुलिस थाना ढली के अंतर्गत आता है. सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. इसके बाद तुरंत अग्निशमन विभाग छोटा शिमला को सूचित किया गया. अग्निशमन विभाग की टीम फायर ब्रिगेड वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया.
बता दें कि, शिमला के जुन्गा में स्थित यह भव्य महल क्योंथल रियासत के सेन राजवंश की विरासत है. यह पुराना राजमहल पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का ससुराल था. इसके साथ ही यह हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का मायका भी है. इस ऐतिहासिक भवन से कई पुरानी यादें और विरासत जुड़ी हुई हैं.
महल की ऊपरी मंजिल में लगी आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग महल की ऊपरी मंजिल में लगी थी. महल लंबे समय से जर्जर हालत में था और इसमें कोई भी व्यक्ति निवास नहीं करता था. आग की चपेट में आने से महल की लकड़ी से बनी संरचनाएं काफी हद तक जलकर खाक हो गई हैं. अधिकारियों के अनुसार, महल खाली होने के कारण इस हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है. पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय लोग मिलकर आग पर काबू पाने में जुटे रहे और धीरे-धीरे स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया.
एसपी संजीव गांधी ने बताया, "जुन्गा के पुराने महल में आग लगने का मामला सामने आया है. आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है."
ये भी पढ़ें: छह दिन पहले लापता हुई थी नाबालिग छात्रा, अब इस हालत में मिला शव

