ETV Bharat / state

मुरादाबाद में जज के पिता की गोली मारकर की हत्या, तरावीह की नमाज पढ़ने मस्जिद जा रहे थे

पुलिस की जांच पड़ताल में पता चला है कि असद को गोली मारने वाला उनका हिस्ट्रीशीटर साला जफर है.

जज के पिता की गोली मारकर की हत्या.
जज के पिता की गोली मारकर की हत्या. (Photo Credit; Moradabad Police)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 27, 2026 at 11:37 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

मुरादाबाद : तरावीह की नमाज अदा करने जा रहे जज के पिता और अलविना बेकरी के मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया, पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की. फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं.

घटना नागफनी थाना इलाके के बंगला गांव चौराहे की है. जिगर कॉलोनी में रहने वाले मोहम्मद असद अलविना बेकरी के मालिक हैं. असद की बेटी आसमा सुल्ताना और दामाद ज़ुल्कर नैन आलम जज हैं. बेटी आसमा सुल्ताना की पोस्टिंग बुलंदशहर में बताई जा रही है. शुक्रवार शाम असद अपने साले मजाहिर के साथ स्कूटी से लाल मस्जिद में तरावीह की नमाज अदा करने जा रहे थे.

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है. (Video Credit; Moradabad Police)

बंगला गांव चौराहे के पास पहुंचे थे, तभी पीछे से बाइक पर आए बदमाशों ने असद पर फायरिंग कर दी. गोली लगते ही असद लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए. गोली चलने की आवाज से क्षेत्र में अफ़रा-तफ़री मच गई. पुलिस की जांच पड़ताल में पता चला है कि असद को गोली मारने वाला साला जफर है. जफर नागफनी थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है.

असद और जफर के बीच मकान को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते जफर ने अपने साथियों के साथ मिलकर असद की गोली मारकर हत्या की है. हत्यारोपी जफर के साथ उसका बेटा सैफुल और दामाद फैज़ान भी था.

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह का कहना है कि असद की हत्या प्रॉपर्टी विवाद को लेकर की गई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है.

यह भी पढ़ें : आगरा में 50 हजार के इनामी कल्लू गुर्जर का एनकाउंटर, सीने में लगी गोली, सिपाही से लूटी थी पिस्टल