JPSC ने वन क्षेत्र पदाधिकारी मुख्य परीक्षा का परिणाम किया जारी, 22 से 25 जुलाई तक होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा
JPSC ने वन क्षेत्र पदाधिकारी मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है. 22 से 25 जुलाई तक शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी.

Published : July 4, 2026 at 9:45 AM IST
रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग ने झारखंड वन क्षेत्र पदाधिकारी यानी Forest Range Officer मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा, विज्ञापन संख्या-04/2024 का परिणाम जारी कर दिया है. आयोग ने शुक्रवार देर रात परिणाम जारी किया है. आयोग ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि अभ्यर्थी अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.jpsc.gov.in पर देख सकते हैं. परिणाम जारी होने के साथ ही सफल अभ्यर्थियों के लिए अगले चरण की प्रक्रिया भी तय कर दी गई है.
आयोग के मुताबिक वन क्षेत्र पदाधिकारी मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन 22 जनवरी और 24 जनवरी 2026 को किया गया था. लिखित परीक्षा के मूल्यांकन के बाद अब सफल उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी गई है. आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध परिणाम और सूचनाओं पर ही भरोसा करें.
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यदि परिणाम या प्रकाशित सूची में किसी प्रकार की त्रुटि अथवा टंकण संबंधी गलती आयोग के संज्ञान में आती है, तो उसे संशोधित करने का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा. ऐसे में आवश्यकता पड़ने पर आयोग परिणाम में आवश्यक सुधार कर सकता है.
22 से 25 जुलाई तक होगा फिजिकल टेस्ट
लिखित परीक्षा में सफल घोषित किए गए अभ्यर्थियों को अब अगले चरण के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Efficiency Test) से गुजरना होगा. आयोग ने इसके लिए 22 जुलाई, 23 जुलाई, 24 जुलाई और 25 जुलाई 2026 की तिथियां निर्धारित की है. यह परीक्षा झारखंड वन क्षेत्र पदाधिकारी सेवा (नियुक्ति, प्रोन्नति एवं अन्य सेवा शर्त) नियमावली, 2024 और विज्ञापन में निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप आयोजित की जाएगी.
हालांकि आयोग ने फिलहाल शारीरिक दक्षता परीक्षा के आयोजन स्थल और अभ्यर्थियों के विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा नहीं की है. आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र, तिथि के अनुसार अभ्यर्थियों का विवरण और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश अलग से आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किए जाएंगे. इसलिए सफल अभ्यर्थियों को नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट देखते रहने की सलाह दी गई है.
आयोग ने यह भी बताया कि इस संबंध में जारी पूरी प्रेस विज्ञप्ति और आगे की सभी सूचनाएं आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेंगी. अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और केवल आयोग द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के आधार पर ही आगे की प्रक्रिया पूरी करें.
ये भी पढ़ें: JPSC ने जारी किया सिविल सेवा पीटी-2025 का परिणाम, 3 जुलाई से मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन शुरू
जेपीएससी ने जारी की संशोधित उत्तर कुंजी, जुलाई में आयोजित होगी मुख्य परीक्षा
रांची के पांच केंद्रों पर जेईटी-2024 संपन्न, तीन हजार अभ्यर्थी हुए शामिल

