ETV Bharat / state

JPSC ने जारी किया सिविल सेवा पीटी-2025 का परिणाम, 3 जुलाई से मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन शुरू

JPSC ने सिविल सेवा पीटी-2025 का परिणाम जारी कर दिया है. जिसमें कुल 2,204 अभ्यर्थी सफल हुए हैं.

jpsc-civil-services-pt-2025-results-declared
झारखंड लोक सेवा आयोग (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : July 3, 2026 at 11:48 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का परिणाम गुरुवार देर रात को जारी कर दिया. आयोग ने यह परिणाम झारखंड हाईकोर्ट के 30 जून 2026 के आदेश के आलोक में अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किया है. सफल अभ्यर्थी अब मुख्य (लिखित) परीक्षा के लिए 3 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.

मुख्य परीक्षा के लिए डेट जारी

आयोग ने स्पष्ट किया है कि परिणाम में किसी प्रकार की त्रुटि या टंकण संबंधी गलती सामने आने पर उसमें आवश्यक संशोधन करने का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा. आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार मुख्य (लिखित) परीक्षा 18, 19 और 20 जुलाई 2026 को रांची के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी.

मुख्य परीक्षा के लिए 3 जुलाई से शुरू होगा आवेदन

मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 3 जुलाई से शुरू होकर 9 जुलाई 2026 की शाम 5 बजे तक चलेगी. वहीं, ऑनलाइन आवेदन के बाद आवश्यक प्रमाण-पत्रों की हार्ड कॉपी आयोग कार्यालय में 14 जुलाई 2026 की शाम 5 बजे तक जमा करना अनिवार्य होगा. आयोग ने अभ्यर्थियों से आवेदन भरने से पहले विस्तृत दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की अपील की है.

आयोग ने कहा है कि मुख्य परीक्षा के आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, आरक्षण, दिव्यांगता, सरकारी सेवा, पूर्व सैनिक सहित अन्य दावों से संबंधित सभी आवश्यक प्रमाण-पत्र ऑनलाइन अपलोड करने होंगे. दस्तावेजों में किसी प्रकार की विसंगति या गलत जानकारी मिलने पर अभ्यर्थिता रद्द की जा सकती है. आयोग ने अंतिम समय तक इंतजार नहीं करने और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह भी दी है.

पीटी परीक्षा में सफलता मिलने से खुशी है. अब मुख्य परीक्षा की तैयारी और चुनौतीपूर्ण होगी. आयोग ने आवेदन और परीक्षा की तिथियां घोषित कर दी हैं, जिससे तैयारी की स्पष्ट रूपरेखा मिल गई है:- राजेश प्रजापति, सफल अभ्यर्थी

कुल कितने अभ्यर्थी हुए सफल

आयोग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक जेपीएससी ने संयुक्त सिविल सेवा (पीटी) परीक्षा-2025 का परिणाम जारी करते हुए कुल 2,204 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया है. सफल अभ्यर्थी अब 3 से 9 जुलाई तक मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.

ऑनलाइन आवेदन से संबंधित किसी भी प्रकार की तकनीकी सहायता के लिए आयोग ने हेल्पलाइन नंबर 8929883832 और ई-मेल helpdesk@jpscotr.com जारी किया है. आयोग ने सफल अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने का आग्रह किया है.

ये भी पढ़ें: JPSC सिविल सेवा पीटी रिजल्ट का रास्ता साफ, उम्र सीमा विवाद पर हाईकोर्ट ने खत्म की सुनवाई

जेपीएससी ने जारी की संशोधित उत्तर कुंजी, जुलाई में आयोजित होगी मुख्य परीक्षा

जेपीएससी सिविल जज 2023 के पीटी परीक्षा का रिजल्ट जारी, 1844 अभ्यर्थी हुए सफल