ETV Bharat / state

जेपीएससी बैकलॉग पीटी परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, रांची के 15 केंद्रों पर 7 हजार अभ्यर्थी हुए शामिल

रांची के विभिन्न केंद्रों पर जेपीएससी बैकलॉग पीटी परीक्षा संपन्न हो गयी.

JPSC Backlog Preliminary Examination Concluded at Various exam Centers in Ranchi
रांची के विभिन्न केंद्रों पर जेपीएससी बैकलॉग पीटी परीक्षा संपन्न (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : May 10, 2026 at 6:43 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (बैकलॉग) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2023 रविवार को राजधानी रांची सहित राज्यभर में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई.

रांची जिला में बनाए गए 15 परीक्षा केंद्रों पर करीब 7 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए. परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरे दिन अलर्ट मोड में रहा.

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जबकि दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक चली. परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली. कई अभ्यर्थी निर्धारित समय से पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए थे. केंद्रों के बाहर सुरक्षा जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया.

JPSC Backlog Preliminary Examination Concluded at Various exam Centers in Ranchi
जेपीएससी बैकलॉग पीटी परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न (ETV Bharat)

कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारी की थी. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के संयुक्त आदेश पर सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी. परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार गश्ती और निगरानी की व्यवस्था भी की गई थी.

इसी क्रम में सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत द्वारा बीएनएसएस की धारा-163 के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई थी. यह आदेश रविवार सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहा. निषेधाज्ञा के तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग, हथियार लेकर चलने और किसी भी प्रकार की सभा आयोजित करने पर रोक लगाई गई थी. प्रशासन की सख्ती के कारण परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई.

रांची के जिन प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित हुई उनमें डोरंडा कॉलेज, निर्मला कॉलेज, डीएवी नंदराज मॉडर्न स्कूल, फिरायालाल पब्लिक स्कूल, मारवाड़ी प्लस टू हाई स्कूल, बर्लिन पब्लिक स्कूल, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस कांके और बिरसा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी सहित अन्य संस्थान शामिल रहे.

JPSC Backlog Preliminary Examination Concluded at Various exam Centers in Ranchi
रांची के परीक्षा केंद्र पर जमा अभ्यर्थी (ETV Bharat)

परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों के चेहरे पर संतोष नजर आया. कई अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को संतुलित और सामान्य स्तर का बताया. अभ्यर्थियों का कहना था कि परीक्षा का पैटर्न बेहतर था और सवाल सिलेबस के अनुसार पूछे गए थे. अभ्यर्थी राकेश ने कहा कि प्रश्नपत्र का स्तर ठीक था, सामान्य अध्ययन और करंट अफेयर्स से जुड़े सवाल पूछे गए थे. उम्मीद है कि आयोग इस बार समय पर रिजल्ट जारी करेगा.

वहीं अभ्यर्थी मुकेश ने कहा कि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में हुई. केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था अच्छी थी और किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई. अब उम्मीद है कि चयन प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ेगी. अभ्यर्थी श्रेया ने कहा कि पेपर बैलेंस था और तैयारी के अनुसार सवाल आए. आयोग अगर समय पर रिजल्ट जारी करता है तो अभ्यर्थियों को काफी राहत मिलेगी.

प्रशासन की ओर से भी परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन पर संतोष जताया गया है. अधिकारियों के अनुसार कहीं से किसी अप्रिय घटना या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली. सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन पर संतोष जताया है. उन्होंने कहा कि कहीं से किसी अप्रिय घटना या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली है.

इसे भी पढ़ें- JPSC बैकलॉग पीटी परीक्षा आज, रांची में 15 केंद्रों पर 7 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल

इसे भी पढ़ें- JPSC बैकलॉग परीक्षा: रांची में निषेधाज्ञा होगी लागू

इसे भी पढ़ें- जेयूटी डिप्लोमा बैकलॉग परीक्षा और रिजल्ट में देरी पर मुख्यमंत्री सचिवालय सख्त, विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन से मांगा जवाब