ETV Bharat / state

गिरिडीह में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान पत्रकार संग बदसलूकी, मीडियाकर्मियों में आक्रोश

गिरिडीह में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान एक पत्रकार संग बदसलूकी की गई.

Journalist mistreated during anti encroachment drive in Giridih
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान पत्रकार संग बदसलूकी (गिरिडीह) (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : May 24, 2026 at 9:01 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गिरिडीहः जिला में अतिक्रमण हटाओ अभियान का न्यूज कवरेज कर रहे पत्रकार संग बदसलूकी की गई. कई अतिक्रमणकारियों ने पत्रकार को घेर लिया, धक्का मुक्की की गई. जान से मारने की धमकी दी गई.

झारखंड के प्रतिष्ठित अखबार के संवाददाता जान बचाने के लिए भागे और बीडीओ के वाहन के पास जा पंहुचे. इसके बाद बीडीओ वाहन से उतरी जिसके बाद हमला करने वाले लोग भागे. यह पूरी घटना बगोदर की है. इस घटना के बाद पत्रकारों ने नाराजगी जाहिर की है और लिखित शिकायत पुलिस से की है.

गिरफ्तारी की मांग

इस घटना के बाद पीड़ित पत्रकार गौरव गुप्ता के पक्ष में बगोदर और सरिया के पत्रकार लामबंद हो गए. रविवार को पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बगोदर थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को आवेदन सौंपा. आवेदन में आरोपियों पर कार्रवाई और पीड़ित पत्रकार को सुरक्षा देने की मांग की गई है.

आवेदन में पत्रकार कुमार गौरव गुप्ता ने बताया कि शनिवार को बीडीओ निशा कुमारी की उपस्थिति में बगोदर बाजार में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही थी. खबर संकलन के दौरान साहु मोहल्ला निवासी छोटू साव अचानक उनके पास आया और गाली-गलौज करने लगा. आरोप है कि छोटू साव ने कहा- सारा अतिक्रमण हटाने का काम तुम्हारे न्यूज के कारण चल रहा है, सारा दुकान तुड़वाने का काम तुम करवा रहे हो.

पत्रकार का आरोप है कि छोटू साव के साथ अभिषेक कुमार, अक्षय कुमार, बुरशिली कुमार, धीरज कुमार साव, गोलू गुप्ता सहित अन्य ने उन्हें भीड़ में लेकर जान से मारने की कोशिश की. खींचतान में जेब से 1200 रुपये भी निकाल लिए गए. जान बचाने के लिए वे बीडीओ निशा कुमारी के वाहन के पास भागे, जिसके बाद बीडीओ ने उतरकर उन्हें बचाया.

आवेदन में कहा गया कि उक्त लोग जानलेवा हमला व मारपीट पर उतारू थे. भविष्य में शारीरिक या मानसिक नुकसान की आशंका जताते हुए पत्रकार ने सुरक्षा की मांग की है. साथ ही कहा कि नुकसान की पूरी जवाबदेही आरोपियों की होगी. पत्रकार प्रसाद बर्णवाल, रामानंद सिंह, परमानंद बर्णवाल, किशुन प्रसाद, राजेश पांडेय, आदित्य पांडेय, सोहन लाल महतो, बिट्टू खान, अशोक यादव, रंजन कुमार, कुमार गौरव गुप्ता, सुभाष पांडेय, जितेन्द्र कुमार के साथ साथ सामाजिक कार्यकर्ता भारत गुप्ता उर्फ मुन्ना, सुनिल स्वर्णकार ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग रखी है.

इस संबंध में थाना प्रभारी राजेश कुमार ने कहा कि आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि इसरी सड़क हादसे के बाद डीसी के निर्देश पर बगोदर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चल रहा था. दुकानदारों का आरोप है कि पत्रकार की खबरों के कारण ही कार्रवाई हो रही है.

इसे भी पढ़ें- इसरी हादसे से सबक: बगोदर में एनएच पर लगने वाली शुक्रवारी हाट से हटाई गई दुकानें, दुकानदारों को चेतावनी

इसे भी पढ़ें- रांची में एक्शन मोड में नजर आई नगर निगम की टीम: बरियातू रोड से बूटी मोड़ तक अतिक्रमण हटाया, अवैध विज्ञापन पर 25 हजार जुर्माना

इसे भी पढ़ें- धनबाद में अतिक्रमण के खिलाफ रेल प्रशासन की कार्रवाई, कई घरों पर चला बुलडोजर, लोगों ने जताया विरोध