रांची में अपराधी बेखौफ, पत्रकार के घर लहराया पिस्टल, हत्या की धमकी
रांची में पत्रकार को धमकी देने और घर के बाहर हथियार लहराने का मामला सामने आया है.

Published : January 1, 2026 at 1:31 PM IST
रांचीः राजधानी रांची में अपराधी इतने बेखौफ हो गए हैं कि अड्डेबाजी की सूचना देने पर पत्रकार को धमकाया गया है. मामला रांची के नामकुम का है. यहां एक अखबार के पत्रकार के घर के बाहर पिस्टल लहराया गया और जान से मारने की धमकी दी गई है.
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
रांची में एक पत्रकार के घर पहुंचकर दो अपराधियों के द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई है. पत्रकार सुरजमणि सिंह के नामकुम स्थित घर पर 31 दिसंबर की देर रात नशे में धुत दो अपराधी हाथों में पिस्टल लेकर पहुंचे और पत्रकार को जान से मारने की धमकी दी. अपराधियों के पिस्तौल लहराते और धमकी देने की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है.
अड्डेबाजी की सूचना देने पर धमकी
पत्रकार सुरजमणि सिंह ने ईटीवी भारत से बताया कि दो युवक हथियार लेकर उनके घर के बाहर पहुंचे थे और उन्हें गाली देने के साथ-साथ जान से मारने की धमकी दे रहे थे. पत्रकार ने बताया कि मोहल्ले में एक यूनिवर्सिटी के छात्रों के द्वारा अक्सर रैश ड्राइविंग और अड्डेबाजी की जाती है. इस मामले को लेकर उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी. जिसके बाद पुलिस ने ऐसे तत्वों के खिलाफ दबिश दी थी. इसके बाद अपराधियों के द्वारा घर पर पहुंचकर उन्हें धमकाया गया. सुरजमणि सिंह ने बताया कि मामले की लिखित शिकायत नामकुम थाना की पुलिस से की गई है.

