ETV Bharat / state

जश्न मना रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं पर सांड का हमला, उठा-उठाकर पटका, कई घायल, मीडियाकर्मी भी माइक कैमरे छोड़ भागे

"जोगिंद्रनगर में नगर निकाय चुनाव की जीत का जश्न दहशत में बदला. उग्र सांड ने किया हमला.

बीजेपी समर्थकों पर सांड का हमला
बीजेपी समर्थकों पर सांड का हमला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : May 18, 2026 at 1:16 PM IST

|

Updated : May 18, 2026 at 1:37 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जोगिंद्रनगर: नगर निकाय चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद देर शाम जोगिंद्रनगर में जीत का जश्न अचानक अफरातफरी और दहशत में बदल गया. विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच चल रहा जश्न उस समय भयावह स्थिति में बदल गया, जब एक उग्र सांड ने बीजेपी समर्थकों की भीड़ पर हमला कर दिया. घटना पुलिस थाना के समीप स्थित राजकीय बाल पाठशाला जोगिंद्रनगर के मुख्य गेट के पास हुई, जहां नगर निकाय चुनाव की मतगणना पूरी होने के बाद बड़ी संख्या में प्रत्याशी, समर्थक, आम लोग, पुलिस कर्मी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद थे.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर शाम चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा था. विजयी प्रत्याशियों के समर्थक ढोल-नगाड़ों, पटाखों और नारेबाजी के साथ जीत का जश्न मना रहे थे. मतगणना स्थल के बाहर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा थी. इसी दौरान अचानक एक सांड भीड़ के बीच आ गया और कुछ ही क्षणों में उग्र हो गया. सांड ने लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और कुछ देर के लिए वहां भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए.

पुलिस-मीडिया कर्मियों ने भाग कर बचाई जान

स्थानीय लोगों ने बताया कि सांड तेजी से लोगों की ओर दौड़ रहा था और रास्ते में आने वाले लोगों को टक्कर मारता हुआ मतगणना स्थल की दिशा में बढ़ गया. इस दौरान मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों और चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों ने तुरंत सतर्कता दिखाई और सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर खुद को बचाया. वहीं कवरेज कर रहे मीडिया कर्मियों को भी कैमरे और उपकरण छोड़कर जान बचाने के लिए दौड़ लगानी पड़ी. घटना के कारण कुछ समय तक पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा.

कई लोग घायल

सांड के हमले में बीजेपी कार्यकर्ताओं समेत सात लोग आंशिक रूप से घायल हो गए. कुछ लोगों को सांड की टक्कर से चोटें आईं, जबकि कुछ लोग भगदड़ के दौरान गिरकर घायल हुए. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई.

आवारा पशुओं की समस्या से लोग परेशान

हमले में घायल स्थानीय निवासी राज ने बताया कि 'सांड ने अचानक से लोगों पर हमला कर दिया. इससे कई लोग घायल हुए हैं. जोगिंद्रनगर शहर में लंबे समय से आवारा पशुओं की समस्या बनी हुई है. बाजार, मुख्य चौक और सार्वजनिक स्थानों पर अक्सर आवारा पशु घूमते रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और नगर परिषद से मांग की है कि आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.'

ये भी भी पढ़ें: डिप्टी सीएम के गढ़ में बीजेपी का परचम, ऊना में भाजपा का 6 में 4 निकायों पर कब्जा

Last Updated : May 18, 2026 at 1:37 PM IST