ETV Bharat / state

जोधपुर पुलिस ने पकड़ी 4 करोड़ की अफीम, कार में ऐसी जगह छिपाकर लाया कि गैराज ले जानी पड़ी गाड़ी

जोधपुर पुलिस ने मणिपुर से लाई जा रहे 28 किलो अफीम के दूध को कार से बरामद किया. एक आरोपी को गिरफ्तार किया.

Jodhpur opium seizure
कार और जब्त अफीम के साथ आरोपी (ETV Bharat Jodhpur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 3, 2026 at 1:32 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जोधपुर: शहर पुलिस ने शुक्रवार रात बड़ी सफलता हासिल करते हुए मणिपुर से जोधपुर लाई जा रही 28 किलोग्राम अफीम के दूध (ओपियम मिल्क) को बरामद किया है. इसकी बाजार कीमत करीब चार करोड़ रुपये आंकी जा रही है. पुलिस ने इस मामले में लोरडी निवासी नरपत सिंह राजपुरोहित को गिरफ्तार किया है.

खास बात यह है कि आरोपी की कार की सामान्य तलाशी में पुलिस को कुछ नहीं मिला. पुख्ता सूचना के आधार पर कार को गैराज ले जाया गया, जहां मैकेनिक की मदद से गहन जांच की गई. जांच में पता चला कि कार के टायरों की मडगार्ड को मॉडिफाई कर उसमें अफीम का दूध छिपाया गया था. टायर उतारने पर यह खेप बरामद हुई. यह प्रक्रिया सुबह चार बजे तक चली. इस दौरान पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश खुद करवड़ थाने पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली.

पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश (ETV Bharat Jodhpur)

इसे भी पढ़ें- 3 करोड़ 20 लाख रुपये का अवैध अफीम डोडा-चूरा जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

कैसे हुई कार्रवाई: डीएसटी प्रभारी खेतसिंह की सूचना पर डीसीपी पूर्व आईपीएस पी.डी. नित्या के निर्देश में करवड़ थाना क्षेत्र के मंडलनाथ फांटा के पास मंडोर थानाधिकारी किशनलाल और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई की. यहां नरपत सिंह की कार को रोका गया. शुरुआती तलाशी में कुछ नहीं मिला, लेकिन संदेह होने पर कार को गैरेज ले जाया गया. वहां टायरों की जांच से अफीम बरामद हुई. पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए डीएसटी प्रभारी खेतसिंह को गैलेंट्री अवॉर्ड के लिए नामित करने की घोषणा की है.

मणिपुर से खरीदा दूध, 5 दिन में पहुंचा जोधपुर: मंडोर थाना अधिकारी किशनलाल ने बताया कि आरोपी नरपत सिंह ने इंफाल से 15 किलोमीटर दूर एक गांव से 1 लाख 35 हजार रुपये प्रति किलो की दर से अफीम का दूध खरीदा था. वहां से रवाना होकर करीब 5 दिनों में राजस्थान पहुंचा. जयपुर से डीडवाना, नागौर होते हुए वह शुक्रवार को जोधपुर आया, जहां उसे पकड़ा गया.

इसे भी पढ़ें- भीलवाड़ा पुलिस ने 447 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा किया जब्त

अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी: जोधपुर पुलिस के अनुसार, अफीम के दूध की इतनी बड़ी मात्रा बरामद करने की यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है. 28 किलो दूध की बाजार कीमत करीब 4 करोड़ रुपये है. इससे करीब चार गुना अफीम तैयार की जा सकती है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह यह खेप जोधपुर में किसे सप्लाई करने वाला था. मामले की गहन जांच जारी है.

पूरे रूट को पुलिस ने फॉलो किया: डीसीपी पी.डी. नित्या ने बताया कि हमें बड़ी खेप लाने की जानकारी मिली थी. नरपतसिंह पर हमारी नजर थी. उसको फॉलो किया गया. वह बालोतरा से सीकर, जयपुर, गोरखपुर, बिहार और बंगाल होते हुए मणिपुर पहुंचा था. अभी तक छोटे पेडलर पर कार्यवाही हो रही थी ऐसे में इसके लिए पूरी सतर्कता से इसे अंजाम दिया गया. आरोपी इससे पहले भी दस किलो अफीम की खेप ला चुका था. उसके पूरे नेटवर्क को तलाशा जा रहा है.

एक सहयोगी को लिया हिरासत में: कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि नरपत सिंह राजपुरोहित यह खेप बालोतरा निवासी ओमप्रकाश और सीकर के रहने वाले शीशराम गुर्जर को देने वाला था. उसकी जानकारी के आधार पर शीशराम गुर्जर को हिरासत में ले लिया गया है. उससे पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि 2026 में पूरे साल मादक पदार्थों की तस्करी पर विशेष फोकस रहेगा.

पंचायत चुनाव में खपाने का अंदेशा: पुलिस ने बताया कि नरपत सिंह की पत्नी पंचायत समिति सदस्य है. ऐसे में अंदेशा है कि आने वाले दिनों में पंचायत चुनाव में भी इस खेप का इस्तेमाल हो सकता था. जोधपुर के अलावा, बालोतरा और सीकर जिले में आरोपियों के लिंक तलाशे जा रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- भीलवाड़ा : बिजौलिया पुलिस ने एसयूवी से पकड़ा 61 लाख का डोडा-चूरा