Jodhpur Crime : भाई को फोन कर राखी पर आने को कहा, रात में ही पति ने कर दी हत्या
पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया. पहले भी तलवार लेकर मारने दौड़ा था. जानिए पूरा मामला...

Published : August 31, 2026 at 1:05 PM IST
जोधपुर: राखी बांधने के लिए बहन ने भाई को फोन कर कहा कि कल आ रही हूं. पास खड़े जीजा ने कहा कि कल जिंदा रहेगी तो जाएगी और अगली सुबह भाई के पास फोन गया कि बहन नहीं रही. यह घटना पुलिस कमिश्नरेट के करवड़ थाना क्षेत्र के उजलिया गांव की है. भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में लिया है.
थानाधिकारी परमेश्वरी ने सोमवार को बताया कि मृतका के भाई ने घटना को लेकर अपने जीजा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया है. पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है, जिसका अंतिम संस्कार कर दिया गया है.
बहन ने राखी पर आने को कहा था, फोन पर दोनों के बीच हुआ झगड़ा : मृतका गुड्डी के भाई महेंद्र भील ने अपनी रिर्पोट में बताया कि राखी के एक दिन पहले मेरी बहन का फोन मेरी मां के पास आया और बोली कि मैं राखी लेकर कल आ रही हूं. इस दौरान पास खडे जीजा दिनेश ने बोला कि कल जिंदा रहेगी तो राखी ले जाएगी.
पढ़ें : भंवरी देवी हत्याकांड : तीन का होगा पॉलीग्राफी टेस्ट, अब ASP करेंगे मामले की जांच
वहीं, बीते शनिवार को सुबह 11.35 बजे दिनेश के भाई गणपत का महेंद्र को कॉल आया कि दिनेश और गुड्डी के बीच में लड़ाई हो गई. गुड्डी सो रही थी तब दिनेश ने लोहे के हथौड़े से वार कर दिया और जान से मार दिया है. रविवार को गुड्डी के परिजन उजलिया पहुंचे. बच्चों ने बताया कि रात को पापा ने मम्मी के सिर पर लोहे के हथौड़े से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.
पहले भी तलवार लेकर मारने दौड़ा, माफी मांग कर बचा : कापरडा थाना निवासी महेंद्र ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि गुड्डी की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी, लेकिन दिनेश उसे परेशान करते रहता था. कुछ समय पूर्व मेरा बहनोई मेरी बहन के पिछे तलवार लेकर मारने को दौड़ा था, लेकिन कुछ लोगो के बीच-बचाव करने से मेरी बहन बच गई. इस घटना को लेकर करवड़ थाने मे रिर्पोट दी और आगे से गलती नहीं करने का कहकर माफी मांगी और सामाजिक समझाइश करने से बच गया.

