Job Fair : झोटवाड़ा में लगा रोजगार मेला, मंत्री राज्यवर्धन बोले- युवाओं को मिले नए अवसर
प्रदेश सरकार की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया गया. मेले में 60 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया...

Published : July 17, 2026 at 7:49 PM IST
जयपुर: झोटवाड़ा के चित्रकूट स्टेडियम, वैशाली नगर में शुक्रवार को प्रदेश सरकार की ओर से रोजगार मेले का आयोजन किया गया. इस मौके पर कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ पहुंचे. मेले में 60 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और बड़ी संख्या में युवाओं ने रोजगार के अवसरों के लिए आवेदन किया. इस अवसर पर कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.
उन्होंने बताया कि राजस्थान में अब तक 24 से अधिक रोजगार मेलों का आयोजन किया जा चुका है, जिनके माध्यम से हजारों युवाओं को रोजगार मिला है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पहले दिन से ही प्रदेश में आर्थिक मजबूती और रोजगारपरक वातावरण तैयार करने की दिशा में काम शुरू किया है. राठौड़ ने कहा कि शिक्षा, पर्यटन और पेट्रोलियम सहित कई क्षेत्रों में राजस्थान में अपार संभावनाएं हैं. राज्य की भौगोलिक स्थिति भी निवेश और औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल है. उन्होंने दावा किया कि सरकार की बेहतर निवेश नीतियों के कारण कंपनियों को करीब 2200 करोड़ रुपये का लाभ हुआ है, जिसका फायदा किसानों, युवाओं, महिलाओं और समाज के अन्य वर्गों तक पहुंच रहा है.

युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा : उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता युवाओं को उनके निवास के आसपास ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है. व्यवहारिक नीतियों और उद्योगों के सहयोग से रोजगार मेलों की सफलता का प्रतिशत पहले की तुलना में बेहतर हुआ है. कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और पीएम सेतु जैसी योजनाएं राजस्थान के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रही हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रयासों से आत्मनिर्भर राजस्थान के लक्ष्य को और मजबूती मिलेगी.

