ETV Bharat / state

बिहार के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी: दिल्ली से चेन्नई तक नौकरी का मौका.. जानें डेट और लोकेशन

मुंगेर समेत बिहार के युवाओं के लिए नौकरी पाने का सुनहरा मौका है. 23 मई को मेगा जॉब कैंप लगने वाला है. पढ़ें

Job Camp in Munger
100 पदों पर होगी सीधी भर्ती (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : May 18, 2026 at 1:02 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

मुंगेर: जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए राहत और उम्मीद भरी खबर सामने आई है. मुंगेर जिला नियोजनालय की पहल पर 23 मई को एक दिवसीय मेगा रोजगार कैंप का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश की तेजी से उभरती ई-कॉमर्स कंपनी सीधे भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेगी.

देश के बड़े शहरों में काम करने का अवसर: इस रोजगार कैंप के माध्यम से युवाओं को दिल्ली-NCR, पुणे, हैदराबाद और चेन्नई जैसे महानगरों में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा. खास बात यह है कि चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर दिए जाने की संभावना जताई जा रही है.

मुंगेर के युवाओं के लिए सुनहरा मौका (ETV Bharat)

गवर्मेंट ITI परिसर में जॉब कैंप: यह रोजगार कैंप सीताकुंड रोड स्थित गवर्मेंट ITI परिसर में आयोजित किया जाएगा. कैंप सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम 3 बजे तक चलेगा. जिला नियोजनालय ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की है.

100 पदों पर होगी सीधी भर्ती: जिला नियोजनालय मुंगेर के प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी राणा अमितेश ने बताया कि इस रोजगार कैंप में कुल 100 पदों पर भर्ती की जाएगी. भर्ती DH एसोसिएट पद के लिए होगी. चयनित युवाओं को कंपनी के वेयरहाउस और ई-कॉमर्स ऑपरेशन से जुड़े विभिन्न कार्यों में लगाया जाएगा.

"चयनित कर्मचारियों को ऑर्डर प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, वेयरहाउस मैनेजमेंट, स्टॉक हैंडलिंग और डिलीवरी सपोर्ट जैसे कार्यों की जिम्मेदारी दी जाएगी. कंपनी ऐसे युवाओं को प्राथमिकता देगी जो मेहनती,अनुशासित और टीम में काम करने की क्षमता रखते हों."- राणा अमितेश, प्रभारी, जिला नियोजन पदाधिकारी

12वीं पास युवाओं को मिलेगा मौका: रोजगार कैंप में शामिल होने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है. ऐसे युवा जो रोजगार की तलाश में हैं और बड़े शहरों में काम करने की इच्छा रखते हैं, उनके लिए यह कैंप एक बड़ा अवसर साबित हो सकता है.

मुंगेर के युवा प्रतिभावान: जिला नियोजन पदाधिकारी राणा अमितेश ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन लगातार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में काम कर रहे हैं. मुंगेर के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है. जरूरत सिर्फ सही अवसर और मार्गदर्शन की है. उन्होंने आगे कहा कि जिला नियोजनालय केवल सुविधा प्रदाता की भूमिका निभा रहा है और भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह कंपनी द्वारा पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी.

"इस रोजगार कैंप के माध्यम से युवाओं को देश की प्रतिष्ठित कंपनी में नौकरी पाने का मौका मिलेगा. हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाए."-राणा अमितेश, प्रभारी, जिला नियोजन पदाधिकारी

अलग-अलग शहरों के अनुसार मिलेगा वेतन: जिला नियोजनालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार अलग-अलग लोकेशन के हिसाब से युवाओं को आकर्षक वेतन दिया जाएगा. पुणे में चयनित अभ्यर्थियों को अधिकतम 26,500 रुपये तक मासिक कमाई का अवसर मिल सकता है, जबकि हैदराबाद और चेन्नई में करीब 23,500 रुपये तक वेतन दिया जाएगा. इस वेतन में इंसेंटिव और ओवरटाइम की राशि भी शामिल होगी.

रहने और खाने की सुविधा: इसके अलावा कुछ शहरों में कंपनी द्वारा रहने और खाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. इससे बाहर जाकर नौकरी करने वाले युवाओं को आर्थिक राहत मिलेगी और उन्हें शुरुआती दौर में रहने की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा.

ऑन-द-स्पॉट मिल सकता है ऑफर लेटर: रोजगार कैंप की सबसे बड़ी खासियत यह है कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद योग्य अभ्यर्थियों को उसी दिन ऑफर लेटर दिए जाने की संभावना है. इससे युवाओं को लंबे इंतजार से राहत मिलेगी और वे तुरंत नौकरी की प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे. बताया गया कि कैंप में इंटरव्यू और दस्तावेज जांच के बाद अंतिम चयन किया जाएगा. कंपनी प्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहेंगे और योग्य उम्मीदवारों का चयन करेंगे.

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज: रोजगार कैंप में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो और अपडेटेड बायोडाटा लेकर पहुंचना होगा. बिना दस्तावेज के किसी भी अभ्यर्थी को चयन प्रक्रिया में शामिल होने में परेशानी हो सकती है. जिला नियोजनालय ने युवाओं से समय पर पहुंचने और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील की है ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके.

युवाओं में उत्साह का माहौल: रोजगार कैंप की घोषणा के बाद जिले के युवाओं में उत्साह देखा जा रहा है. खासकर वे युवा जो लंबे समय से रोजगार की तलाश कर रहे हैं, उनके लिए यह कैंप उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है. स्थानीय स्तर पर रोजगार के सीमित अवसरों के बीच बड़े शहरों में नौकरी पाने का मौका युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें

नीतीश कुमार ने रोहतास को दी 480 करोड़ की सौगात, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का लिया जायजा

19 हजार सैलरी और हॉस्टल सुविधा..नवादा रोजगार कैंप में 50 पदों पर होगी बहाली, जल्दी करें

डिग्री हाथ में, फिर भी खाली हाथ? भारत के 40% ग्रेजुएट युवाओं के पास काम नहीं: रिपोर्ट