बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबरी, 27 अप्रैल को लगेगा एक दिवसीय जॉब कैंप
बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है. 27 अप्रैल को आरा में जॉब कैंप का आयोजन होगा. पढ़ें पूरी खबर..

Published : April 26, 2026 at 2:46 PM IST
आरा: भोजपुर जिला नियोजनालय की ओर से बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार 27 अप्रैल 2026 को एक दिवसीय जॉब कैंप का आयोजन किया जाएगा. यह जॉब कैंप जिला नियोजनालय कार्यालय परिसर कृषि भवन, आरा में आयोजित होगा.जहां योग्य अभ्यर्थियों का ऑन-द-स्पॉट चयन किया जाएगा.
16-18 हजार तक वेतन: जिला नियोजनालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस जॉब कैंप में Elite Foods Private Limited, होसुर (बेंगलुरु) कंपनी द्वारा प्रोडक्शन हेल्पर्स एवं पैकिंग हेल्पर्स के कुल 45 पदों पर भर्ती की जाएगी. चयनित अभ्यर्थियों को 16,000 से 18,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा.
क्या होगी आयु सीमा?: इस भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 42 वर्ष निर्धारित की गई है. वहीं शैक्षणिक योग्यता 8वीं, 10वीं या ITI पास रखी गई है. इस जॉब कैंप में पुरुष और महिला दोनों अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं.
जिला नियोजन पदाधिकारी प्रणव प्रतीक ने बताया कि जॉब कैंप में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है. जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल www.ncs.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं या जिला नियोजनालय भोजपुर से संपर्क कर सकते हैं.
साथ में क्या लाना होगा?: प्रणव प्रतीक ने बताया कि जॉब कैंप में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है और इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा और आधार कार्ड लेकर निर्धारित तिथि को उपस्थित होना होगा. यह जॉब कैंप पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक संचालित रहेगा. जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के सभी बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे इस जॉब कैंप में भाग लेकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाएं.
"सोमवार को जिला नियोजनालय कार्यालय परिसर कृषि भवन में जॉब कैंप का आयोजन हो रहा है. जो भी अभ्यर्थी इच्छुक हैं, बायोडाटा और आधार कार्ड लेकर समय पर पहुंच जाएं. 11 बजे से 3 बजे तक कैंप चलेगा."- प्रणव प्रतीक, जिला नियोजन पदाधिकारी, भोजपुर
ये भी पढ़ें: सम्राट चौधरी के सीएम बनते ही आ गई Good News, बिहार के इस जिले में लगेगा जॉब कैंप

