असम में झामुमो को खास उम्मीदें, केंद्रीय प्रवक्ता ने कहा- JMM के समर्थन के बिना यहां नहीं बन पाएगी सरकार
रांची में झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने पांचों राज्यों के चुनाव परिणाम को लेकर खास बात कही है.

Published : May 3, 2026 at 11:50 AM IST
रांची: चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे का दिन नजदीक आ गया है. 04 मई को मतगणना के बाद यह साफ हो जाएगा कि किस राज्य में जनता ने किस दल या गठबंधन पर अपना भरोसा जताया है.
इस बीच झारखंड की सत्ताधारी पार्टी और असम विधानसभा चुनाव लड़ने वाली झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता ने पांचों राज्यों के चुनाव परिणाम को लेकर खास बात कही है.
ईटीवी भारत से बातचीत के दौरान झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुदुचेरी विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर पार्टी का नजरिया बताया है.
ममता बनर्जी फिर बनाएंगी सरकार- मनोज पांडेय
टीएमसी और ममता बनर्जी के पक्ष में एक तरफा होने की उम्मीद जताते हुए मनोज पांडेय ने कहा कि इस बार बंगाल का चुनाव, बंगाली अस्मिता का चुनाव था. बंगाल पर कोई बंगाली राज करेगा या दो गुजराती, इसी मुद्दे पर पश्चिम बंगाल की जनता ने वोट किया है. मनोज पांडेय ने कहा कि पूरा बंगाल चुनाव में ममता दीदी के साथ एकजुट दिखा है और सबसे बड़ी बात है कि हेमंत सोरेन, ममता दीदी के साथ हैं. ऐसे में पश्चिम बंगाल का परिणाम टीएमसी के पक्ष में आएगा.
असम में भाजपा नहीं बना पाएगी सरकार- झामुमो
असम विधानसभा चुनाव में झामुमो ने 17 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा है. इस पर केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि असम में इस बार भाजपा अपनी सरकार नहीं बना पाएगी. असम में हमारी पार्टी का बेहतरीन प्रदर्शन होगा. मनोज पांडेय ने कहा कि असम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के समर्थन के बिना कोई सरकार नहीं बनेगी. असम में झामुमो पहली बार चुनाव लड़ा है, फिर भी हमारा प्रदर्शन बेहतरीन रहेगा.
केरल में सेकुलर ताकतों की बनेगी सरकार- मनोज पांडेय
केरल विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला LDF और UDF के बीच होता दिखाई दे रहा है, जिसे भाजपा तीसरा कोण बनाने की कोशिश करती दिख रही है. झामुमो का मानना है कि केरल में दोनों फ्रंट के बीच बेहद नजदीकी मुकाबला है और भाजपा वहां सत्ता की रेस में नहीं है. झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कहते हैं कि केरल में सेकुलर सरकार ही बनेगी.
तमिलनाडु में फिर से स्टालिन की सरकार- झामुमो
झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता ने 04 मई को होने वाली मतगणना से पूर्व नतीजों का पूर्वानुमान लगाते हुए तमिलनाडु के संबंध में कहा कि वहां फिर से द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) गठबंधन की सरकार बनेगी.
पुदुचेरी में कांग्रेस को बहुमत मिलने का अनुमान- मनोज पांडेय
झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि इस बार केंद्रशासित प्रदेश पुदुचेरी में कांग्रेस गठबंधन को लाभ मिलेगा और चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस की सरकार वहां बनेगी.
असम की जनता का झामुमो ने जीता है दिल
असम विधानसभा चुनाव में झामुमो के प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर मनोज पांडेय ने कहा कि पहली बार झामुमो ने असम में व्यापक तरीके से और पूरी गंभीरता से चुनाव लड़ा है. वहां की जनता का हमने दिल जीता है. झामुमो नेता ने कहा कि असम की नई सरकार बिना हमारे समर्थन के नहीं बन सकेगी.
ये भी पढ़ें:
बंगाल चुनाव से पहले बॉर्डर पर कड़ी चौकसी, एसएसपी ने लिया सुरक्षा का जायजा
बंगाल में चुनाव, झारखंड में हलचलः सीमावर्ती इलाकों में चर्चा और कयासों का दौर जारी
पाकुड़ से सटे पश्चिम बंगाल के इलाकों में मतदान जारी, लोग बढ़-चढ़कर कर रहे वोटिंग

