झामुमो ने किया झारखंड नगर निकाय चुनाव में जीत का दावा, पार्टी महासचिव ने बीजेपी के साथ कांग्रेस और राजद पर भी साधा निशाना
झारखंड नगर निकाय चुनाव का मतदान संपन्न होने के बाद झामुमो नेता सुप्रियो भट्टाचार्य ने भाजपा, कांग्रेस और राजद पर निशाना साधा है.


Published : February 23, 2026 at 8:05 PM IST
रांची: झारखंड में शहरी निकाय चुनाव में मतदान का कार्य संपन्न हो जाने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने भाजपा, कांग्रेस और राजद पर निशाना साधा.
प्रेस कॉन्फ्रेस कर उन्होंने कहा भाजपा का ईवीएम वाला टोटका नहीं चला, यह भाजपा नेताओं के बयान से लग रहा है. आज के मतदान से जो संकेत मिले हैं, उससे साफ है कि शहरी निकाय में झामुमो समर्थित एक तिहाई से दो तिहाई प्रत्याशियों की जीत होगी.
कांग्रेस और राजद पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में झामुमो के साथ गठबंधन का इन दोनों दलों को लाभ मिला था. चुनाव में क्रेडिबिलिटी लीडर की होती है और न चाहते हुए भी कई बार लीडर का लाभ लैडर को मिल जाता है. 2024 के विधानसभा चुनाव में झामुमो के साथ गठबंधन होने की वजह से बहुत सारे लोगों ने ना चाहते हुए भी कांग्रेस और राजद को वोट किया था.
आज हुई वोटिंग को लेकर सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि हालांकि कुल मतदान के फाइनल आंकड़े अभी नहीं आये हैं, लेकिन जो संकेत मिल रहे हैं, उसके अनुसार इस बार पिछली बार से कुछ ज्यादा ही मतदान होने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि यदि देखें तो जब मतदान के समय का आखिरी वक्त होता है, तो मतदान बढ़ता है. इससे उम्मीद है कि अच्छी वोटिंग होगी. झामुमो नेता ने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि शहरी निकाय चुनाव का इस बार का नतीजा भाजपा के लिए बड़ी सीख और हमारे उत्साह में इजाफा करने वाला होगा.
सुप्रियो भट्टाचार्य ने राज्य में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए राज्य निर्वाचन आयोग, पुलिस और जिला प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि वार्ड में मतदान केंद्रों के इधर से उधर होने की वजह से परेशानी आयी. लेकिन ट्रिपल टेस्ट के बाद ओबीसी आरक्षण के साथ यह चुनाव संपन्न हुआ है. रमजान के पाक महीने में भी मुस्लिम समुदाय की महिलाओं, पुरुषों ने जमकर वोटिंग की, वह भी धन्यवाद के पात्र हैं.
झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्या ने कहा कि भाजपा निकाय चुनाव में निराश और हताश नजर आयी. उसके एक केंद्रीय मंत्री कह रहे थे कि जब दुनिया तकनीक के सहारे आगे बढ़ रही है तो हेमंत सोरेन की सरकार पुराने जमाने वाली बैलेट चुनाव करा रही है. शायद उन्हें पता नहीं कि अमेरिका, जापान, कोरिया, यूरोपियन कंट्री के देश तकनीक में हमसे आगे हैं फिर भी वहां वोटिंग बैलेट से ही होता है. दरअसल, भाजपा का ईवीएम वाला टोटका नहीं चल सका, इसलिए इस तरह की बयानबाजी हो रही है.
उन्होंने कहा कि भाजपा के सांसद, विधायक और नेता परेशान न हों, क्योकि राज्य निर्वाचन आयोग ने ऐसी व्यवस्था की है कि मतों की गिनती और रिजल्ट आने में ज्यादा वक्त नहीं लगेगा. निकाय चुनाव में कई इलाकों में झामुमो, राजद और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने के सवाल पर सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि यह मुहल्ले की लड़ाई थी, शाम के बाद फिर से आपसी माहौल सौहार्दपूर्ण हो जाएगा और मोहल्लापंथी जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें:
झारखंड नगर निकाय चुनावः मतदान की धीमी रफ्तार, निर्वाचन आयोग ने लोगों से की वोटिंग की अपील
झारखंड में नगर निकाय चुनावः तिलक से मतदाता का स्वागत तो कहीं सेल्फी प्वाइंट, तो कहीं वोटर रहे परेशान
शहर की सरकार बनाने के लिए उत्साहित दिख रहे मतदाता, दिव्यांग मतदाताओं ने भी उत्साह के साथ किया वोट

