ETV Bharat / state

नीट पेपर लीक को लेकर झामुमो का जोरदार प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला

नीट पेपर लीक को लेकर झामुमो ने झारखंड के अलग-अलग जिलों में विरोध प्रदर्शन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका.

NEET paper leak
झामुमो का प्रदर्शन (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : May 15, 2026 at 7:11 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रामगढ़: नीट पेपर लीक, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, बेलगाम महंगाई और प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं के विरोध में झामुमो ने जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया.

प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है. नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने से लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों का विश्वास डगमगा गया है. नेताओं ने आरोप लगाया कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है और इस मामले में दोषियों पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है.

झामुमो केंद्रीय कमेटी के सदस्य चित्रगुप्त महतो ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है. घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हो गया है और आम लोगों के लिए आवश्यक वस्तुओं की खरीद भी कठिन होती जा रही है.

सोनाराम मांझी ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से परिवहन लागत बढ़ रही है, जिसका सीधा असर खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम पर पड़ रहा है. उन्होंने नीट पेपर लीक की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और ईंधन की कीमतों में राहत देने की मांग की.

गिरिडीह में भी झामुमो ने केंद्र सरकार एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया. इससे पहले मुक्ति मोर्चा और छात्र मोर्चा द्वारा रैली निकाली गई और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई. यहां जेएमएम जिलाध्यक्ष संजय सिंह, पार्टी नेता अजीत कुमार पप्पू, अखिलेश महतो ऊर्फ राजू महतो, रॉकी सिंह, कृष्णा मुरारी शर्मा, अभय समेत कई कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार को दोषी ठहराया है.

जेएमएम नेता अखिलेश महतो ऊर्फ राजू महतो ने कहा कि यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है. बच्चे दिन रात मेहनत करते हैं और जब परीक्षा देते हैं तो परिणाम प्रश्न पत्र लीक के तौर पर मिलता है. झामुमो नगर अध्यक्ष रॉकी सिंह ने कहा कि नीट जैसी परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होना न सिर्फ गंभीर मामला है बल्कि यह कांड बताता है कि किस तरह से गड़बड़ी हुई है. ऐसी स्थिति भविष्य में नहीं हो इसकी व्यवस्था होनी चाहिए. रॉकी सिंह ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री को अब तक बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए था.

यहां छात्र नेताओं ने कहा कि पिछली दफा भी इसी तरह का प्रश्न पत्र लीक होने का मामला सामने आया था. इसमें पूरी तरह से केंद्र की सरकार की संलिप्तता है. इस मामले में बच्चों के भविष्य के साथ केंद्र सरकार के द्वारा खिलवाड़ किया जा रहा है. हमारी मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए.

पाकुड़ में भी नीट प्रश्न पत्र लीक होने से नाराज झारखंड मुक्ति मोर्चा के छात्र संगठन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ पाकुड़ जिला मुख्यालय के रविंद्र चौक के निकट जमकर नारेबाजी की और पुतला दहन किया.

पुतला दहन व विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे झारखंड मुक्ति मोर्चा छात्र संगठन जिलाध्यक्ष दासो मुर्मू ने कहा कि देश में नीट की परीक्षा के लिए लाखों छात्र-छात्राएं वर्षो तैयारी करते हैं. परीक्षा के समय प्रश्न पत्र लीक हो जाना छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है. इसके लिए पूरी तरह जिम्मेवार केंद्रीय शिक्षा मंत्री हैं.

उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा परेशानी उन गरीब छात्रों के उत्पन्न हो गयी है जिन्होंने काफी कष्ट से पढ़ाई का खर्च जुटाकर तैयारी की है. जिलाध्यक्ष ने कहा कि हम सभी विद्यार्थी शिक्षा मंत्री के इस्तीफा की मांग करते हैं. साथ ही प्रश्न पत्र लीक मामले की केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने व दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हैं.

यह भी पढ़ें:

NEET पेपर लीक को लेकर NSUI का केंद्र सरकार पर हमला, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

NEET-UG पेपर लीक मामला: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने NTA, शामिल दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

NEET UG-2026 पेपर लीक मामला: 5 गिरफ्तारी कहां-कहां से हुई, जानिए, NTA के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर