'सूरजकुंड हादसा भाजपा सरकार की लापरवाही का नतीजा', नूंह में दुष्यंत चौटाला ने साधा सरकार पर निशाना
नूंह में जेजेपी के युवा योद्धा कार्यक्रम में पहुंचे दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकारी लापरवाही से सूरजकुंड हादसा हुआ है.

Published : February 8, 2026 at 6:28 PM IST
नूंहः जिले की अनाज मंडी में रविवार को जननायक जनता पार्टी की नूंह यूनिट द्वारा 'युवा योद्धा कार्यक्रम' का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और युवा नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने शिरकत की. दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की और युवाओं को 'योद्धा' बनकर जेजेपी की ताकत बढ़ाने का आह्वान किया.
मेवात के 700 बूथ पर अपनी पहुंच बनाएगी जेजेपीः कार्यक्रम के दौरान जेजेपी कार्यकर्ताओं ने दिग्विजय चौटाला का विशेष टोपी पहनाकर जोरदार स्वागत किया. दुष्यंत चौटाला ने बताया कि "पार्टी अब मेवात के सभी 700 बूथ पर अपनी पहुंच बनाएगी. प्रत्येक बूथ पर जिम्मेदार कार्यकर्ता तैनात किए जाएंगे, जिसमें बूथ सखी और महिला शक्ति को भी प्रमुखता से शामिल किया जाएगा. युवा योद्धा कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाया जा रहा है, ताकि आने वाले समय में मेवात की आवाज दिल्ली तक पहुंच सके."
'मेवात के विकास की पूरी तरह की गई है उपेक्षा': 'युवा योद्धा कार्यक्रम' के बाद दुष्यंत चौटाला ने प्रेस वार्ता में वर्तमान सैनी सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि "पिछले दो वर्षों में मेवात क्षेत्र के विकास की पूरी तरह उपेक्षा की गई है. मेवात डवलपमेंट अथॉरिटी की कोई बैठक नहीं हुई. मुख्यमंत्री को बैठक की तारीख भी याद नहीं है. मेवात के लिए अलग से भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई. स्वास्थ्य, सुरक्षा और सड़कों की स्थिति बदतर बनी हुई है." उन्होंने 2024 के बजट में घोषित मेवात यूनिवर्सिटी के लिए तुरंत जमीन उपलब्ध कराकर निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की.
नूंह की समस्याओं को नहीं उठाते हैं कांग्रेस विधायकः दुष्यंत चौटाला ने सूरजकुंड हादसे की उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित करने, मृतक पुलिस इंस्पेक्टर के परिवार को नियम अनुसार नौकरी देने की मांग की. उन्होंने घटना में सरकारी व्यवस्था की विफलता की निंदा की. दुष्यंत चौटाला ने कांग्रेस विधायकों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि "पिछले दो साल में उन्होंने विधानसभा या कहीं भी मेवात के मुद्दों पर आवाज नहीं उठाई, बल्कि सिर्फ अपने नेताओं के लिए नारेबाजी की. यदि सही तरीके से मुद्दे उठाए जाते तो मेवात की कई समस्याओं का समाधान हो सकता था."
'भारतीय जनता पार्टी नफरत की राजनीति करती है': वहीं दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि "भारतीय जनता पार्टी नफरत की राजनीति करती है, लेकिन जेजेपी इसे मेवात में कभी पनपने नहीं देगी. उन्होंने कहा कि ऐसी ताकतों को मेवात की जमीन पर खड़ा नहीं होने दिया जाएगा. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा शक्ति को संगठित कर पार्टी को मजबूत बनाना और मेवात के लंबे समय से लंबित विकास के मुद्दों को जोर - शोर से उठाना था."

