'राहुल गांधी की उल्टी खोपड़ी है..' ट्रेड डील को लेकर कांग्रेस नेता के सवाल उठाने पर भड़के जीतनराम मांझी
भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर सवाल उठाने पर जीतनराम मांझी ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है. पढ़ें पूरी खबर..

Published : February 15, 2026 at 6:59 PM IST
गयाजी: केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर बेहद तीखे अंदाज में हमला बोला है. भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर सवाल उठाने पर मांझी ने कहा कि कांग्रेस नेता की खोपड़ी उल्टी है, जिस वजह से वह डील के फायदे की नहीं कमियों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं. हालांकि केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जब भी कोई डील होती है, दोनों पक्षों को कुछ न कुछ समझौता करना पड़ता है.
राहुल पर मांझी को हमला: गया में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की खोपड़ी उल्टी है. कपास की खेती को लेकर राहुल गांधी सवाल उठा रहे हैं, जबकि हम लोगों ने कल ही चर्चा की है. किसानों को किसी प्रकार की हानि की बात सामने नहीं आई है.
'उल्टी खोपड़ी है उनकी': मांझी ने कहा कि इस डील में 95 फीसदी बातें हमारे पक्ष में है. 5 फीसदी जरूर हमारे पक्ष में नहीं है लेकिन उसे भी हम लोग देख रहे हैं. जब 95 फीसदी बातें हमारे फेवर में है तो इस पर राहुल गांधी का सवाल उठाना बताता है कि उनकी खोपड़ी उल्टी है.
"उनकी (राहुल गांधी) खोपड़ी उल्टी है. रात को ही हमलोग बात कर रहे थे, सुन रहे थे. कुछ भी उस डील में घाटा नहीं है. हमलोग सब फायदा में हैं. हमलोग 95 प्रतिशत लाभ में हैं, 5 प्रतिशत हमको कुछ सहन करना पड़ेगा तो ये कौन बड़ी बात है लेकिन वही 5 पर्तिशत को 95 प्रतिशत राहुल जी कह रहे हैं. इसलिए हम कह रहे हैं कि उनकी खोपड़ी उलटी है."- जीतनराम मांझी, केंद्रीय मंत्री
भारत-पाक मैच पर क्या बोले?: केंद्रीय मंत्री ने टी-20 विश्वकप में भारत-पाकिस्तान मैच पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच मैच हमेशा से रोमांचक होता है लेकिन खेल तो खेल होता है. खेल को खेल की भावना से देखा जाना चाहिए. पहले पाकिस्तान खेलने को तैयार नहीं था, हमें बहुत दुख होता था कि खिलाड़ी होकर भी वे राजनीति करते हैं. अब आखिरकार खेल रहे हैं तो हम दोनों टीम को शुभकामना देना चाहेंगे.
डील पर राहुल ने उठाए हैं सवाल: असल में राहुल गांधी ने इस डील को लेकर मोदी सरकार से 5 सवाल पूछे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि यूएस ट्रेड डील के नाम पर भारत के किसानों के साथ विश्वासघात किया जा रहा है लेकिन वह चुप नहीं रहेंगे. कांग्रेस नेता ने कहा कि किसानों को सफाई तो मिलनी ही चाहिए.
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी ने पीएम मोदी के सामने दागे 5 तीखे सवाल, कहा- 'व्यापार समझौते के नाम पर किसानों से विश्वासघात'

