कैश डालने वाले दो कर्मचारी लापता, 28 ATM की थी जिम्मेदारी
एटीएम में कैश डालने वाले दो कर्मचारी लापता. एक करोड़ से अधिक के गबन की आशंका. पिलानी-चिड़ावा के एटीएम में कैश डालने की थी जिम्मेदारी...

Published : July 2, 2026 at 4:55 PM IST
झुंझुनू: एटीएम मशीनों में नकदी भरने का काम करने वाली एक निजी कंपनी के दो कर्मचारी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं. उनके गायब होने के बाद जब कंपनी ने आंतरिक ऑडिट शुरू किया तो पता चला कि एटीएम से एक करोड़ से अधिक रुपयों का गबन किया गया है. अभी सटीक राशि कितनी है, इसका पता नहीं चला है. आरोपियों ने भागते समय कैश वैन और उसमें रखी एटीएम की सभी चाबियां भी वहीं छोड़ दी.
यह है पूरा मामला : आरोपी कर्मचारियों की हो गई है. ये दोनों पिछले एक साल से पिलानी और चिड़ावा क्षेत्र के एटीएम में कैश डालने की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. शनिवार को ये दोनों अचानक काम से नदारद हो गए. जब काफी समय तक इनका पता नहीं चला तो कंपनी प्रबंधन ने कैश वैन की जांच की. वैन की तलाश की तो पिलानी इलाके में वैन लावारिस हालत में खड़ी मिली. वैन की तलाशी में एटीएम की चाबियां सुरक्षित मिलीं, लेकिन जो नकदी मशीनों में होनी चाहिए थी, वह गायब थी.
पढ़ें : सोशल मीडिया से सीखकर ATM मशीन से छेड़छाड़ कर रुपए निकालते थे बदमाश, चार गिरफ्तार
जांच में सामने आया गबन का बड़ा आंकड़ा : कंपनी की ऑडिट टीमों ने जब मशीनों का मिलान शुरू किया, तो शुरुआती आंकड़े चौंकाने वाले निकले. केवल पिलानी क्षेत्र की मशीनों की जांच में ही 30 लाख से अधिक का कैश कम पाया गया. अभी अन्य ATM में कैश मिलान की जांच चल रही है. अभी तक कुल आधे ही एटीएम की जांच हो पाई है.
28 ATM की थी जिम्मेदारी : कंपनी की कुल 28 मशीनों की जिम्मेदारी इन कर्मचारियों पर थी. शेष मशीनों की जांच जारी है. कंपनी के अधिकारियों को आशंका है कि कुल गबन की राशि 1 करोड़ रुपये के पार पहुंच जाएगी.
पढ़ें : तोषिणा में एटीएम लूट का खुलासा: हरियाणा तक 400 किमी में खंगाले 800 कैमरे, तीन आरोपी गिरफ्तार
अभी मामला दर्ज नहीं, कंपनी के प्रतिनिधि के रहे हैं ऑडिट : पिलानी थानाधिकारी चंद्रभान सिंह चौधरी ने बताया कि कंपनी प्रतिनिधियों ने जानकारी दी है, लेकिन अभी रिपोर्ट नहीं दी है. कंपनी प्रतिनिधि सभी ATM की जांच कर रहे हैं. कंपनी को जल्द से जल्द फाइनल ऑडिट रिपोर्ट देने को कहा है. रिपोर्ट मिलने बाद ही मामला दर्ज करेंगे. अभी कंपनी को सटीक राशि का पता नहीं है. कंपनी के लोग जांच कर रिपोर्ट देंगे.

