झारखंड के मुक्केबाजों का जलवा, 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जीते तीन पदक
झारखंड के मुक्केबाजों ने 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बॉक्सिंग प्रतियोगिता में तीन पदक जीते.

Published : November 3, 2025 at 10:49 PM IST
रांचीः झारखंड के स्कूली मुक्केबाजों ने एक बार फिर राज्य का नाम रोशन किया है. खेलो इंडिया इनडोर स्टेडियम, ईटानगर (अरुणाचल प्रदेश) में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बॉक्सिंग प्रतियोगिता (SGFI) में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक अपने नाम किए, इनमें एक रजत और दो कांस्य शामिल है.
यह प्रतियोगिता 28 अक्टूबर से 03 नवंबर 2025 तक आयोजित हुई थी. जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों के उभरते बॉक्सरों ने भाग लिया. झारखंड की टीम का नेतृत्व कोच अनुपम तिवारी, अनु कुमारी, मैनेजर प्रवीण यादव एवं हरिकेश सिंह ने किया.
शानदार प्रदर्शन, झारखंड के तीन सितारे चमके
झारखंड के मुक्केबाज आर्यन मुखी ने अंडर-17 बालक वर्ग के 46 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया. आर्यन ने अपने मुकाबलों में बेहतरीन तकनीक, संतुलन और आत्मविश्वास का परिचय दिया.
वहीं कनिष्का गोराई ने 63 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया. कनिष्का ने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक मुक्केबाजी का प्रदर्शन किया और अपने वर्ग में झारखंड की ताकत दिखाई.
मोहित गोप ने 66 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक हासिल किया. मोहित का प्रदर्शन पूरे मुकाबले में शानदार रहा और उनके साहसिक खेल ने दर्शकों का दिल जीत लिया.
राज्य में खुशी की लहर, मुख्यमंत्री ने दी बधाई
इन तीन पदकों के साथ झारखंड के मुक्केबाजों ने न केवल राज्य का परचम लहराया बल्कि यह भी साबित किया कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य के युवा खिलाड़ी देशभर में झारखंड का मान बढ़ा रहे हैं. सरकार हर स्तर पर खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है.
शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग और राज्य खेल कोषांग के सभी सदस्यों ने भी टीम को हार्दिक बधाई दी.
खेलो इंडिया और जेईपीसी की पहल रंग ला रही
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC), रांची लगातार राज्य के स्कूली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर मौका दे रहा है. बॉक्सिंग जैसे कठिन खेल में झारखंड की बढ़ती उपस्थिति यह दर्शाती है कि यहां खेल संरचना और प्रशिक्षण प्रणाली में सकारात्मक बदलाव हुए हैं.
राज्य खेल कोषांग की पहल और स्कूल स्तर पर मिल रहे अवसरों ने ग्रामीण इलाकों से आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच दिया है. इन उपलब्धियों से न केवल राज्य का मनोबल बढ़ा है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को भी प्रेरणा मिल रही है.
भविष्य की उम्मीदें और दिशा
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद का कहना है कि इस सफलता से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है और आने वाले दिनों में और भी बेहतर प्रदर्शन देखने को मिलेगा. राज्य के प्रशिक्षकों का मानना है कि यदि खिलाड़ियों को निरंतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रतियोगिताओं का अवसर मिले, तो झारखंड के मुक्केबाज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पदक जीत सकते हैं.
इन तीन पदकों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि खेल के क्षेत्र में झारखंड की नई पीढ़ी न केवल प्रतिभाशाली है, बल्कि देश का भविष्य भी संवार रही है.
इसे भी पढे़ं- 5वीं इंडियन ओपन अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों का कमाल, सदानंद और रौशन ने जीता रजत पदक
इसे भी पढे़ं- साउथ एशियन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिपः भारत की बढ़त बरकरार, दूसरे दिन जीते 7 स्वर्ण समेत 18 पदक
इसे भी पढ़ें- भारत ने रांची में रचा इतिहास, चौथी दक्षिण एशियाई सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का बना सरताज

