69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने किया कमाल, अंडर-14 और अंडर-19 में डबल गोल्ड
स्कूल गेम्स की हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर डबल गोल्ड अपने नाम किया है.

Published : January 7, 2026 at 6:41 PM IST
रांचीः 69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता (एसजीएफआई) में झारखंड की बेटियों ने इतिहास रचा है. मध्यप्रदेश के ग्वालियर स्थित श्रीमंत राजमाता विजयराजे सिंधिया खेल परिसर, कंपू में 2 जनवरी से 7 जनवरी तक आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड की बालिका टीमों ने अंडर-14 और अंडर-19 दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर डबल गोल्ड अपने नाम कर पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है.
अंडर 14 झारखंड बालिका टीम ने मध्यप्रदेश को हराया
पूरे टूर्नामेंट के दौरान झारखंड की बेटियों ने अनुशासन, तकनीकी कौशल और जबरदस्त आत्मविश्वास का परिचय दिया. लीग मुकाबलों से लेकर फाइनल तक टीम का प्रदर्शन संतुलित और आक्रामक रहा. खिलाड़ियों की फिटनेस, पासिंग गेम और गोल करने की क्षमता ने दर्शकों के साथ-साथ मेजबान राज्य की टीमों को भी प्रभावित किया. अंडर-14 बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में झारखंड का सामना मध्यप्रदेश से हुआ. रोमांचक मुकाबले में राजमुनी कुमारी और सुष्मिता गुरिया ने अहम मौकों पर शानदार गोल दागे, जिसकी बदौलत झारखंड ने मध्यप्रदेश को 2–1 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. मैच के दौरान झारखंड की टीम ने लगातार दबाव बनाए रखा और निर्णायक क्षणों में संयम दिखाया.
अंडर 19 में भी झारखंड बालिका टीम का कमाल
वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग का फाइनल भी बेहद संघर्षपूर्ण रहा. इस मुकाबले में रोशनी आइंद, गुलजन कुमारी और लेवनी हेमरम के शानदार गोलों की मदद से झारखंड ने मध्यप्रदेश को 3–2 से हराकर दूसरा स्वर्ण पदक भी जीत लिया. मैच की शुरुआत से ही झारखंड की टीम ने आक्रामक रुख अपनाया और मध्यप्रदेश की टीम को रक्षात्मक खेल खेलने पर मजबूर कर दिया. इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे खिलाड़ियों के साथ-साथ कोच और मैनेजमेंट की अहम भूमिका रही. टीम के साथ कोच और मैनेजर के रूप में गईं एम्मा बारा, रजनी टोप्पो, आरती बाराइक और दिव्या रोज जोजो की रणनीति, मार्गदर्शन और प्रेरणादायी नेतृत्व ने खिलाड़ियों का मनोबल ऊंचा बनाए रखा.

सीएम और अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
इस उपलब्धि पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने खुशी जताते हुए कहा कि अंडर-14 और अंडर-19 दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतना पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण है. उन्होंने इसे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, प्रशिक्षकों के समर्पण और झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया. इस शानदार प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा सहित राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
ये भी पढ़ें-
श्राची बंगाल टाइगर्स ने SG पाइपर्स को शूटआउट में दी मात, फाइनल में दोनों टीमें होंगी आमने-सामने
ग्वालियर में झारखंड महिला हॉकी टीम जलवा, फाइनल में पहुंची अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग की बालिकाएं
महिला हॉकी इंडिया लीग: JSW सूरमा हॉकी क्लब ने दर्ज की पहली जीत

