ग्वालियर में झारखंड महिला हॉकी टीम जलवा, फाइनल में पहुंची अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग की बालिकाएं
मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड टीम ने शानदार प्रदर्शन किया.

Published : January 6, 2026 at 9:00 PM IST
रांची: 69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड की बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 और अंडर-19 दोनों वर्गों में फाइनल में प्रवेश कर राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है.
ग्वालियर में हो रहा है मुकाबलों का आयोजन
दरअसल, मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में झारखंड की टीमों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान अनुशासित, आक्रामक और रणनीतिक खेल का बेहतरीन उदाहरण पेश किया. स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के नेतृत्व में ग्वालियर पहुंची झारखंड की हॉकी टीम ने शुरुआत से ही मजबूत इरादों के साथ मैदान में कदम रखा. लीग मुकाबलों से लेकर नॉकआउट चरण तक टीम ने लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीमों को पीछे छोड़ा.
ओडिशा को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हराया
सेमीफाइनल मुकाबलों में झारखंड की बालिकाओं का आत्मविश्वास चरम पर नजर आया. अंडर-14 बालिका वर्ग में झारखंड की टीम ने ओडिशा को एकतरफा मुकाबले में 3–0 से पराजित किया. टीम के फॉरवर्ड खिलाड़ियों ने तेज आक्रमण के जरिए शुरुआती बढ़त बनाई, जबकि डिफेंस ने विपक्षी टीम को कोई मौका नहीं दिया.
झारखंड के खिलाड़ियों ने दबाव में भी बनाए रखा धैर्य और संयम
वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग का सेमीफाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा. झारखंड ने कर्नाटक जैसी सशक्त टीम को कड़े संघर्ष में 3–2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई. इस मैच में झारखंड के खिलाड़ियों ने दबाव में भी धैर्य और संयम बनाए रखा तथा निर्णायक पलों में शानदार गोल कर जीत सुनिश्चित की.
झारखंड टीम का नेतृत्व मैनेजर एम्मा बर्रा और रजनी टोपनो जबकि कोच आरती बराइक और दिव्या रोज जोजो ने किया. उनके कुशल मार्गदर्शन, सटीक रणनीति और खिलाड़ियों के प्रति विश्वास ने टीम के प्रदर्शन को नई ऊंचाई दी. कोचों ने मैच दर मैच खिलाड़ियों की कमजोरियों पर काम करते हुए उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाया.
महिला हॉकी के प्रति उत्साह और गर्व की भावना
इस ऐतिहासिक उपलब्धि से झारखंड में खेलों, विशेषकर महिला हॉकी के प्रति उत्साह और गर्व की भावना और मजबूत हुई है. खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना ने यह साबित कर दिया है कि झारखंड की बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर किसी से कम नहीं हैं. अब पूरे राज्य की निगाहें फाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां झारखंड की बालिकाएं खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी.
ये भी पढ़ें- झारखंड की मेजबानी में 69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता जोरों पर, खिलाड़ियों ने सराही व्यवस्थाएं
हजारीबाग में 17वीं झारखंड यूथ वॉलीबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत, राज्यभर से पहुंचे 400 से अधिक खिलाड़ी
69वीं राष्ट्रीय स्कूली बालिका फुटबॉल प्रतियोगिताः झारखंड की बेटियों का शानदार प्रदर्शन जारी

