डूरंड कप 2026: पहली बार रांची बनेगा भारतीय फुटबॉल का बड़ा मंच!
झारखंड राज्य प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप की मेजबानी करने वाला है.

Published : June 22, 2026 at 10:08 PM IST
रांचीः झारखंड की राजधानी रांची पहली बार देश के सबसे प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंटों में शुमार डूरंड कप की मेजबानी करने जा रहा है. प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार टूर्नामेंट का आगाज 26 जुलाई 2026 से हो सकता है.
इस आयोजन को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं और अलग अलग विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर व्यापक कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया गया है. सोमवार को पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में टूर्नामेंट की तैयारियों का जायजा लिया गया. इस बैठक में स्टेडियम सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, खिलाड़ियों और अधिकारियों के आवागमन, दर्शक सुविधाओं और आयोजन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई.
राज्य में फुटबॉल संस्कृति को मिलेगी नई पहचान
अधिकारियों का मानना है कि रांची में डूरंड कप का आयोजन राज्य में फुटबॉल संस्कृति को नई पहचान देगा. साथ ही इससे झारखंड बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए एक मजबूत दावेदार के रूप में उभर सकेगा. खेल विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट स्थानीय खिलाड़ियों को भी बेहतर मंच और प्रेरणा प्रदान करते हैं.
भारतीय सशस्त्र बलों की प्रस्तुतियां बनेंगी आकर्षण
इस आयोजन का उद्घाटन समारोह आकर्षण का केंद्र रहने की संभावना है. इसमें भारतीय सशस्त्र बलों की विशेष प्रस्तुतियां, आर्मी बैंड का प्रदर्शन और झारखंड की पारंपरिक लोक एवं जनजातीय नृत्य शैलियों का रंगारंग प्रदर्शन देखने को मिल सकता है. इसके जरिए राज्य की सांस्कृतिक विविधता और विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा.
आयोजन को यादगार बनाने की तैयारी
सरकार ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है. लक्ष्य यह है कि खिलाड़ियों, अधिकारियों और फुटबॉल प्रेमियों को एक यादगार और सुव्यवस्थित आयोजन का अनुभव मिल सके. रांची में पहली बार होने जा रहा यह टूर्नामेंट झारखंड के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हो सकता है.
खेल सचिव की इस समीक्षा बैठक में छवि रंजन, निदेशक, खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, आसिफ एकराम, निदेशक, संस्कृति निदेशालय, कर्नल हेम चंद्रा, डूरंड कप के नोडल आर्मी अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे. सभी हितधारकों ने रांची में आयोजित होने वाले पहले डूरंड कप को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की.
इसे भी पढ़ें- झारखंड में डुरंड कप के होंगे 7 मैच, राज्यपाल ने किया ट्रॉफी का अनावरण
इसे भी पढ़ें- डूरंड कप फाइनल: नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने लगातार दूसरी बार जीता डुरंड कप, गोल्डन बॉल और बूट पर मोरक्को के खिलाड़ी का कब्जा
इसे भी पढ़ें- धनबाद में जल्द शुरू होगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, आवासीय सुविधा के साथ तैयार होंगे फुटबॉल के नए सितारे

