ETV Bharat / state

झारखंड में मौसम का हाल, 29 अप्रैल को कई जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट

झारखंड का मौसम एक बार फिर बदल गया है. मौसम विभाग ने आज कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है.

jharkhand-weather-alert-of-rain-and-thunderstorm-in-many-districts-today
झारखंड का मौसम (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : April 29, 2026 at 1:49 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: झारखंड में मौसम ने आज फिर करवट ली है. मौसम केंद्र, रांची के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से हवा में नमी बढ़ गई है और वातावरण अस्थिर हो गया है. इसी वजह से 29 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल के छाए रहने और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश के साथ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है. इसको लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है. खास बात है कि 4 मई तक मौसम में उतार-चढ़ाव की संभावना है. हालांकि अभी ज्यादातर जिलों का तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड हुआ है.

इन इलाकों में वज्रपात और बारिश के आसार

राज्य के पूर्वी और निकटवर्ती मध्य हिस्सों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिलेगा. इन इलाकों में गरज के साथ तेज हवा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना जताई गई है. साथ ही वज्रपात का भी खतरा बना हुआ है. वहीं, राज्य के अन्य हिस्सों में भी कहीं-कहीं गरज के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की आशंका है. अगर जिलों की बात करें तो बोकारो, देवघर, धनबाद, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, हजारीबाग, जामताड़ा, खूंटी, कोडरमा, रामगढ़, रांची, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम में मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा.

Jharkhand Weather, alert of rain and thunderstorm in many districts today
इन जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट (ETV BHARAT)

प्रमुख इलाकों के तापमान की स्थिति

पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला है. हालांकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है. राज्य के ज्यादातर इलाकों में तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा. रांची में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब डेढ़ डिग्री ज्यादा है. वहीं जमशेदपुर, डाल्टनगंज, बोकारो और चाईबासा में तापमान 41 डिग्री के पार रहा. सरायकेला राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां पारा 41.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.

Jharkhand Weather, alert of rain and thunderstorm in many districts today
मौसम विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट (ETV BHARAT)

सभी इलाकों में सामान्य से ज्यादा तापमान

अगर सामान्य तापमान से तुलना करें, तो राज्य के लगभग सभी हिस्सों में तापमान 1 से 3 डिग्री ज्यादा बना हुआ है. खासकर चाईबासा और बोकारो में यह बढ़ोतरी ज्यादा देखी गई. इतना ही नहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर रहने की वजह से रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है.

डाल्टनगंज में मामूली राहत

अगर डाल्टनगंज की बात करें तो यहां मौसम में बदलाव साफ नजर आ रहा है. पिछले 24 घंटे में तापमान में करीब 3.2 डिग्री की गिरावट आई है. यानी 48 घंटे पहले जहां तापमान 44 से 45 डिग्री के आसपास था, वहीं अब यह घटकर करीब 41.6 डिग्री पर आ गया है.

ये भी पढ़ें: झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, आज कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट, अगले 5 दिन राहत के आसार

झारखंड में मौसम बदलने के बाद भी क्यों लग रही है ज्यादा गर्मी ? डाल्टनगंज में पारा चरम पर, आज कैसा रहेगा मौसम

झारखंड में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने ली करवट, इन जिलों में वज्रपात और बारिश के आसार