झारखंड में तीन दिन बदला रहेगा मौसम, आज कई इलाकों में भारी बारिश और तेज हवा का अलर्ट
झारखंड के कई इलाकों में अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. राजेश कुमार सिंह की रिपोर्ट.

Published : August 26, 2026 at 12:04 PM IST
रांची: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय है. राज्य में अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है. इस दौरान कुछ जिलों में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. राज्य में आज से 28 अगस्त के बीच मौसम का असर अलग-अलग इलाकों में देखने को मिलेगा.
आज कैसा रहेगा मौसम?
आज यानी 26 अगस्त को झारखंड के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों के कुछ इलाकों में भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है.
सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा गुमला और खूंटी में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. बारिश के दौरान गरज-चमक और तेज हवा को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

27 अगस्त को बदलेगा बारिश का इलाका
27 अगस्त को भी झारखंड में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन हो सकता है. हालांकि इस दिन भारी बारिश का असर मुख्य रूप से राज्य के मध्य, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में देखने को मिल सकता है. मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और धनबाद में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं चतरा और गिरिडीह के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
28 अगस्त को दक्षिणी झारखंड पर ज्यादा असर
28 अगस्त को भी राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. इस दिन भारी बारिश का असर मुख्य रूप से दक्षिणी झारखंड में रहने का अनुमान है. सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. इसके साथ ही गुमला में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की स्थिति बन सकती है.
पिछले 24 घंटे में वर्षापात की स्थिति पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश हजारीबाग में 43.4 मिलीमीटर और पंचेत डीवीसी, धनबाद में 40.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई. राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में बारिश का असर ज्यादा रहा. इसके अलावा जमशेदपुर, डाल्टनगंज , चाईबासा, बोकारो और रांची में 7 से 2 मिलीमीटर के बीच बारिश हुई.

प्रमुख शहरों में तापमान की स्थिति
तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बहरागोड़ा में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 21.8 डिग्री रहा. रांची का अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है. हालांकि यहां न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है. यहां न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री रहा, यानी सामान्य से 2 डिग्री अधिक.

डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम है. न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहा और यह सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है. वहीं बोकारो में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा है. यहां न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है. चाईबासा में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम है.
ये भी पढ़ें: झारखंड में आज से 26 अगस्त तक बदला रहेगा मौसम, कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
झारखंड में तीन दिन बदला रहेगा मौसम, 23-24 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश के आसार

