ETV Bharat / state

राष्ट्रीय सीनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम का ट्रायल संपन्न, 52 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

रांची में आयोजित राष्ट्रीय सीनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम का चयन ट्रायल संपन्न हो गया. चंदन भट्टाचार्य की रिपोर्ट.

Jharkhand team trials for National Senior Mens Hockey Championship concluded in Ranchi
राष्ट्रीय सीनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम का चयन ट्रायल (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 30, 2026 at 6:06 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2026 के लिए झारखंड पुरुष हॉकी टीम के चयन को लेकर रविवार को रांची के मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में चयन ट्रायल आयोजित किया गया. 10 से 22 सितंबर 2026 तक ओडिशा के राउरकेला में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड की मजबूत टीम उतारने के उद्देश्य से आयोजित इस ट्रायल में राज्यभर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.

इस ट्रायल में झारखंड के विभिन्न जिलों और संस्थानों से कुल 52 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. इनमें सिमडेगा, गुमला, खूंटी और हजारीबाग के खिलाड़ियों के अलावा नवल टाटा हॉकी अकादमी, रेलवे सहित विभिन्न संस्थानों के खिलाड़ी शामिल रहे. कई घंटे तक चले ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीकी क्षमता, खेल कौशल, मैदान पर प्रदर्शन और टीम संयोजन को परखा गया.

खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर चयनकर्ताओं ने 33 खिलाड़ियों का चयन किया है. इन चयनित खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय प्रतियोगिता से करीब 15 दिन पहले विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा. प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों के प्रदर्शन और तैयारी का आकलन करने के बाद अंतिम रूप से 18 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा. यही 18 खिलाड़ी राउरकेला में होने वाली सीनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे.

Jharkhand team trials for National Senior Mens Hockey Championship concluded in Ranchi
राष्ट्रीय सीनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम का चयन ट्रायल (ETV Bharat)

ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला. खिलाड़ियों ने अपनी तकनीकी दक्षता, फिटनेस और खेल क्षमता के साथ चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया. चयनकर्ताओं और हॉकी विशेषज्ञों ने हर खिलाड़ी के प्रदर्शन पर बारीकी से नजर रखी और टीम की जरूरत के अनुसार खिलाड़ियों का मूल्यांकन किया.

हॉकी झारखंड के मनोज कोनबेगी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए झारखंड की टीम तैयार करने के उद्देश्य से ट्रायल आयोजित किया गया है. उन्होंने कहा कि ट्रायल में 52 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हैं. प्रदर्शन के आधार पर 33 खिलाड़ियों को चुना गया है. इन खिलाड़ियों को प्रशिक्षण शिविर में बेहतर तैयारी का मौका मिलेगा. शिविर के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए अंतिम 18 सदस्यीय टीम का चयन किया जाएगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि झारखंड की टीम राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करेगी और राज्य का नाम रोशन करेगी.

उन्होंने कहा कि झारखंड में हॉकी प्रतिभाओं की कमी नहीं है. ग्रामीण क्षेत्रों से भी लगातार अच्छे खिलाड़ी सामने आ रहे हैं. ऐसे खिलाड़ियों को उचित मंच और प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करना हॉकी झारखंड की प्राथमिकता है. ट्रायल के दौरान हॉकी झारखंड की ओर से मनोज कोनबेगी, असरिता लकड़ा, झारखंड की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी सावित्री पूर्ति, गुरमीत सिंह राव, विजय शंकर सिंह, नॉरबर्ट कुजूर, दुलारी टोपनो, मनोज प्रधान, प्रमोद केरकेट्टा, अभिषेक साहू सहित अन्य पदाधिकारी और खेल विशेषज्ञ मौजूद रहे.

राउरकेला में होने वाली चैंपियनशिप झारखंड के खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा. चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर इसी लक्ष्य के साथ आयोजित किया जाएगा, ताकि प्रतियोगिता में झारखंड की टीम पूरी तैयारी और मजबूत टीम संयोजन के साथ मैदान पर उतर सके.

इसे भी पढे़ं- राष्ट्रीय स्कूली खेलों के लिए झारखंड टीम का चयन, 1500 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

इसे भी पढे़ं- राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड उपविजेता, हरियाणा ने जीता खिताब

इसे भी पढे़ं- राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप के फाइनल में झारखंड, अंतिम मिनट में एस्थर होरो ने दिलाई बराबरी