अधियाचनाएं वापस होने के बाद JSSC ने 2023 के दो भर्ती विज्ञापन किए रद्द! पढ़ें, पूरी खबर
जेएसएससी ने साल 2023 के दो भर्ती विज्ञापन रद्द कर दिए हैं. चंदन भट्टाचार्य की रिपोर्ट.

Published : September 1, 2026 at 12:44 AM IST
रांचीः झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने इंटरमीडिएट स्तर की संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 से जुड़े दो भर्ती विज्ञापनों को रद्द कर दिया है. आयोग ने विज्ञापन संख्या 15/2023 एवं 16/2023 को निरस्त करने की सूचना जारी की है. इस संबंध में जेएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है.
आयोग की ओर से जारी आवश्यक सूचना-05, दिनांक 31 अगस्त 2026, में परीक्षा रद्द किए जाने की वजह स्पष्ट की गई है. नोटिफिकेशन के मुताबिक, कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखंड सरकार के पत्र संख्या 4919, दिनांक 29 जुलाई 2026 के माध्यम से इन दोनों विज्ञापनों के तहत विज्ञापित सभी अधियाचनाएं वापस ले ली गई हैं.

अधियाचनाएं वापस लिए जाने के बाद JSSC ने दोनों विज्ञापनों को निरस्त करने का निर्णय लिया है. विज्ञापन संख्या 15/2023 और 16/2023 के तहत झारखंड इंटरमीडिएट स्तर कंप्यूटर ज्ञान एवं कंप्यूटर में हिंदी टंकण अर्हता धारक पद के लिए संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 आयोजित की जानी थी.
जेएसएससी के नोटिफिकेशन में कहा गया है कि संबंधित विभाग द्वारा दोनों विज्ञापनों के तहत विज्ञापित सभी अधियाचनाएं वापस लिए जाने के कारण विज्ञापन संख्या 15/2023 एवं 16/2023 के तहत आयोजित होने वाली संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 को रद्द किया जाता है.
आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचना के जरिए अभ्यर्थियों को इसकी जानकारी दी है. ऐसे में इन दोनों विज्ञापनों के आधार पर प्रस्तावित परीक्षा अब आयोजित नहीं होगी. परीक्षा से जुड़ी आगे की प्रक्रिया भी इन विज्ञापनों के तहत नहीं चलेगी.
बता दें कि झारखंड में सरकारी नियुक्तियों और प्रतियोगिता परीक्षाओं को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार फैसले सामने आ रहे हैं. इसी बीच जेएसएसी की ओर से 2023 में जारी इन दोनों विज्ञापनों को रद्द किया गया है. आयोग के नोटिफिकेशन में परीक्षा रद्द करने का आधार स्पष्ट रूप से संबंधित विभाग द्वारा अधियाचनाएं वापस लिया जाना बताया गया है.
इसे भी पढे़ं- परीक्षा विवादों के बीच JPSC-JSSC पर सरकार का बड़ा कदम, सेवा शर्त और नियुक्ति प्रक्रिया की होगी समीक्षा
इसे भी पढे़ं- JSSC-CGL और CDPO नियुक्ति रद्द करने के राज्य सरकार के फैसले पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक, सरकार से जवाब तलब

